दुबई में 55 दिनों से लापता गुमला का युवक, 1 सितंबर को सड़क जाम की चेतावनी
बैठक करते लोग | Prabhat Khabar Network
दुबई में लापता गुमला के युवक उदय गोप की सकुशल वापसी की मांग को लेकर अहीर सेना ने 1 सितंबर को गुमला-रांची मुख्य पथ जाम करने की चेतावनी दी है.
गुमला. दुबई में करीब 55 दिनों से लापता गुमला के नगर कुसुमटोली निवासी उदय गोप की सकुशल वापसी की मांग को लेकर अहीर सेना झारखंड ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है. संगठन ने कोयंजारा चटकपुर में समाज के लोगों के साथ बैठक कर अब तक हुई कार्रवाई और आगे की रणनीति पर चर्चा की. संगठन ने कहा कि 31 अगस्त तक उदय के संबंध में सकारात्मक सूचना नहीं मिली, तो एक सितंबर को रेड़वा सिसई के पास गुमला-रांची मुख्य पथ जाम किया जायेगा.
आपके शहर में
रोजगार की तलाश में दुबई गया था उदय
अहीर सेना के संरक्षक लोहरमन गोप ने बताया कि उदय गोप बेहतर भविष्य और रोजगार की तलाश में कल्याण गुरुकुल के माध्यम से दुबई गया था. दुबई पहुंचने के बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया. करीब 55 दिन बीत जाने के बावजूद उसके संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिलने से परिवार के साथ समाज में भी चिंता और आक्रोश है.
संगठन बोला- उदय पूरे समाज का बेटा
संगठन मंत्री सुरेश गोप ने कहा कि उदय केवल अमर गोप का बेटा नहीं, बल्कि पूरे समाज का बेटा है. उन्होंने सरकार और प्रशासन से उदय की सकुशल वापसी सुनिश्चित करने की मांग की. गुमला प्रखंड अध्यक्ष बुधराम गोप ने कहा कि कंपनी और सरकार अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकते. उन्होंने समाज के लोगों से आंदोलन में एकजुट होकर सहयोग करने की अपील की.
ये भी पढ़ें: कुछ ही दिनों में तीन स्कूलों में चोरी, कहीं सिलिंडर तो कहीं मिड-डे मील का चावल ले गये चोर
31 अगस्त तक सकारात्मक सूचना का इंतजार
सह सचिव जनक गोप ने बताया कि एक सितंबर को रेड़वा सिसई के पास गुमला-रांची मुख्य पथ जाम करने का आह्वान किया गया है. 31 अगस्त तक उदय के संबंध में सकारात्मक सूचना नहीं मिलने पर सड़क जाम किया जायेगा. इस संबंध में प्रशासन को लिखित आवेदन भी दिया गया है. सचिव देवनारायण गोप ने बताया कि 31 अगस्त को सरकार, प्रशासन, कंपनी और समाज के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता निर्धारित है. उन्होंने कहा कि बैठक में मांगों पर ठोस निर्णय और लिखित आश्वासन नहीं मिलने पर आंदोलन जारी रखा जायेगा.
ये भी पढ़ें: बाबा टांगीनाथ धाम पहुंचे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, पूजा के बाद जाना धाम का इतिहास
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए