ePaper

स्कूली बच्चों को बांटे गये एक्सपायरी ओआरएस पाउच, जांच के आदेश

Updated at : 06 Mar 2026 9:12 PM (IST)
विज्ञापन
स्कूली बच्चों को बांटे गये एक्सपायरी ओआरएस पाउच, जांच के आदेश

सालेगुटू के सरस्वती शिशु मंदिर में स्वास्थ्य सहिया द्वारा किया गया वितरण

विज्ञापन

कामडारा. कामडारा प्रखंड में एक्सपायरी हो चुकी जीवन रक्षक दवाइयों के वितरण का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है. जानकारी के अनुसार प्रखंड के सालेगुटू गांव स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में होली अवकाश से दो दिन पहले एक स्वास्थ्य सहिया द्वारा स्कूली बच्चों के बीच एक्सपायरी ओआरएस पाउच बांटे गये. इस मामले की जानकारी मिलने पर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष अजीत केरकेट्टा सालेगुटू पहुंच स्थिति की जानकारी ली. हालांकि शुक्रवार को विद्यालय बंद रहने के कारण उन्होंने आसपास के ग्रामीणों और उन बच्चों से पूछताछ की, जो सरस्वती शिशु मंदिर सालेगुटू में पढ़ते हैं. ग्रामीणों और बच्चों ने बताया कि उन्हें ओआरएस घोल के पाउच दिये गये थे. जब पाउच की जांच की गयी, तो उस पर बैच नंबर ओआर-45, मैन्युफैक्चरिंग डेट 3/24 और एक्सपायरी डेट 2/26 अंकित पाया गया. यह देख कर श्री केरकेट्टा ने संबंधित स्वास्थ्य सहिया ललिता देवी से फोन पर बातचीत की. ललिता देवी ने बच्चों के बीच ओआरएस पाउच बांटे जाने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि बच्चों को इसके बारे में जानकारी दे दी गयी थी. उन्होंने बताया कि यह ओआरएस उन्हें हेल्थ सेंटर से मिला था. इसके बाद स्वास्थ्य उपकेंद्र सालेगुटू में जाकर दवा स्टॉक पंजी की जांच की गयी, लेकिन वहां उक्त बैच नंबर के ओआरएस पाउच की कोई इंट्री नहीं मिली. वहीं सीएचसी कामडारा के दवा भंडार में भी जब बैच नंबर ओआर-45 और एक्सपायरी डेट 2/26 वाले ओआरएस पाउच के बारे में पड़ताल की गयी, तो पता चला कि 29 नवंबर 2024 को सीएचसी कामडारा द्वारा सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों को एक-एक हजार ओआरएस पाउडर पाउच वितरित किये गये थे, जिनकी वैधता अब समाप्त हो चुकी है. इसके बावजूद एक्सपायरी ओआरएस का वितरण किया जाना स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही को दर्शाता है.

मामले की जांच की जायेगी : डॉ. सुनील

इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुनील खलखो ने कहा कि स्कूलों में एमडीए कार्यक्रम के तहत फाइलेरिया की दवा के साथ ओआरएस के पैकेट भी दिये गये थे. संभव है कि उसी दौरान पुराना पैकेट वितरित हो गया हो. उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रखंड के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों को 500-500 नये ओआरएस पाउच उपलब्ध कराये गये हैं. वहीं सरस्वती शिशु मंदिर सालेगुटू में एक्सपायरी ओआरएस वितरण के मामले की जांच कराने की बात कही.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola