सभी कार्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप करें : उपायुक्त

नगरपालिका चुनाव की तैयारियों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर सख्त निर्देश
गुमला. नगरपालिका चुनाव के सफल और निष्पक्ष संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित व पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा ने शनिवार को केओ कॉलेज भवन में बन रहे वज्रगृह, रिसीविंग सेंटर और प्रस्तावित मतगणना केंद्र का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की. उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, पार्किंग तथा अभ्यर्थियों और मतगणना एजेंटों के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वज्रगृह की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया. उन्होंने नगरपालिका निर्वाचन कोषांग, कार्मिक कोषांग, मत-पत्र व मत पेटिका कोषांग, सामग्री कोषांग, परिवहन कोषांग, विधि-व्यवस्था सह आचार संहिता कोषांग, हेल्पलाइन एवं जन शिकायत कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, मीडिया कोषांग, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण कोषांग, सूचना तकनीकी कोषांग तथा नियंत्रण कक्ष के सुचारू संचालन के निर्देश दिये. मतदान कर्मियों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था तथा पुलिस बल के साथ टैगिंग सुनिश्चित करने को कहा गया. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन से जुड़े सभी कार्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपादित किए जाये. 22 फरवरी को मतदान कर्मियों के डिस्पैच को लेकर आवश्यक सामग्री के साथ समय पर रवाना करने, मतदान दिवस पर समय से मतदान शुरू कराने तथा मतदान केंद्रों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिये गये. उन्होंने कहा कि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाये. मतदान संपन्न होने के बाद इवीएम समेत अन्य सामग्रियों को सुरक्षित रूप से रिसीविंग सेंटर तक लाने, रिसीविंग और मतगणना की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर बल दिया गया. मौके पर उपविकास आयुक्त दिलेश्वर महतो, अपर समाहर्ता शशिंद्र कुमार बड़ाइक, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) सह जिला पंचायती राज पदाधिकारी राजीव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी गुमला राजीव नीरज, अनुमंडल पदाधिकारी चैनपुर पूर्णिमा कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी बसिया जयवंती देवगम सहित सभी आरओ, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी व संबंधित अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




