गड्ढों और उखड़ी परतों से ग्रामीण और वाहन चालक परेशान
पथरगामा में बोहा मार्ग की सड़क बदहाल
पथरगामा प्रखंड की आदर्श ग्राम पंचायत बोहा जाने वाली मुख्य सड़क बेहद खराब हालत में है. खासकर पत्थलचट्टी गांव के पास सड़क का अधिकांश हिस्सा गड्ढों में तब्दील हो चुका है. सड़क पर बड़े और छोटे गड्ढों की अनगिनत संख्या है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवाजाही में गंभीर परेशानी हो रही है. सड़क की उपरी परत उखड़ चुकी है, जिससे नुकीले चिप्स बाहर निकल आये हैं और राहगीरों के पैरों को चोट पहुंचा रहे हैं. चिलकारा गांव के आगे भी सड़क की स्थिति खराब है. अंधेरे में बाइक सवार अक्सर हादसे के शिकार हो जाते हैं. छोटे चक्के वाले वाहन गड्ढा पार करने में विशेष सावधानी बरतते हैं. युवा समाजसेवी राकेश यादव, समरा यादव, प्रदीप यादव, कलेश यादव, मुसू यादव ने बताया कि यह सड़क आठ वर्ष पूर्व बनायी गयी थी, जो अब मरम्मत के कगार पर पहुंच चुकी है. प्रतिदिन सड़क से पथरगामा, चिलकारा, खारियानी, बड़हरा, तेलो, भलसुंधिया, बरमसिया, कस्तूरिया, बड़गामा समेत दर्जन भर गांवों के लोग आवाजाही करते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक, ट्रैक्टर, हाईवा जैसे भारी वाहनों के लगातार आवागमन और दबाव के कारण सड़क इतनी खराब हो गयी है. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की मरम्मत करायी जाये, ताकि ग्रामीण और राहगीर सड़क दुर्घटना से सुरक्षित रह सकें. अन्यथा लोग लगातार हादसों का शिकार होते रहेंगे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए