महागामा एसडीपीओ ने ठाकुरगंगटी थाना का किया औचक निरीक्षण
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 14 Jun 2026 10:52 PM
मामलों के शीघ्र निष्पादन, संवेदनशील शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और गश्त व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
महागामा के एसडीपीओ वरुण रजक ने रविवार को ठाकुरगंगटी थाना का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. निरीक्षण के क्रम में एसडीपीओ ने मालखाना, हवालात, कंप्यूटर कक्ष, अभिलेख कक्ष तथा अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की. उन्होंने थाना प्रभारी को अभिलेखों के समुचित संधारण एवं कार्यों के प्रभावी निष्पादन को लेकर आवश्यक निर्देश दिये. उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाये तथा उसका समयबद्ध और निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित किया जाये. विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों से संबंधित शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया. एसडीपीओ ने थाना में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों का समय पर निपटारा होना आवश्यक है, क्योंकि ऐसे मामलों में विलंब होने से अपराधियों का मनोबल बढ़ता है और कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. उन्होंने थाना प्रभारी को क्षेत्र में पुलिस गश्त व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने, आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनसुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिये. साथ ही सभी पुलिसकर्मियों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और तत्परता से करने की अपील की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी अवलोकन किया और आवश्यक सुधार संबंधी सुझाव दिये. इस अवसर पर थाना प्रभारी राजन कुमार राम, एसआइ अमन कुमार, एएसआइ घनश्याम राय, कामेश्वर उरांव, एनएन पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










