ICU में जिंदगी की जंग, बाहर कर्मियों का कार्य बहिष्कार; गोड्डा में मरीजों की गुहार
न्यू ICU के हड़ताल के बाद खाली पड़ा बेड.
गोड्डा सदर अस्पताल के न्यू ICU में आउटसोर्सिंग कर्मियों की हड़ताल से गंभीर मरीजों की जान खतरे में. जानें क्यों है सेवा ठप और परिजन परेशान.
गोड्डा प्रतिनिधि. सदर अस्पताल के न्यू ICU में आउटसोर्सिंग स्वास्थ्य कर्मियों के कार्य बहिष्कार से गंभीर मरीजों की परेशानी बढ़ गयी है. भविष्य निधि और बकाया मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर कर्मियों का कार्य बहिष्कार बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा. इसका सीधा असर न्यू ICU में भर्ती राजाभिट्ठा निवासी 10 वर्षीय प्रियंका कुमारी के इलाज पर पड़ा है. प्रियंका ब्रेन मलेरिया से पीड़ित है और गंभीर हालत में न्यू ICU में भर्ती है.
आपके शहर में
तीसरे दिन भी ठप रही न्यू ICU की सेवा
न्यू ICU के आउटसोर्सिंग कर्मियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनके पीएफ का भुगतान और बकाया मानदेय का क्लियरेंस नहीं होता, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे. कर्मियों के कार्य बहिष्कार के कारण न्यू ICU की नियमित सेवा प्रभावित हुई है.

ICU में भर्ती गंभीर मरीजों को लगातार निगरानी, समय पर दवा और आवश्यक चिकित्सकीय देखरेख की जरूरत होती है. ऐसे में कर्मियों के कार्य बहिष्कार से मरीज और उनके परिजन चिंतित हैं.
ब्रेन मलेरिया से जूझ रही मासूम, परिजन परेशान
प्रियंका पिछले तीन दिनों से न्यू ICU में इलाजरत है. परिजनों के अनुसार, बच्ची की हालत गंभीर है और उसे लगातार देखरेख की जरूरत है. कार्य बहिष्कार के कारण परिजनों की चिंता बढ़ गयी है.
परिजनों ने बताया कि वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं और निजी अस्पताल में इलाज कराने में सक्षम नहीं हैं. बेहतर इलाज की उम्मीद में वे प्रियंका को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन यहां ICU कर्मियों के आंदोलन के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से बढ़ी चिंता
परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि ICU जैसी अति-संवेदनशील सेवा प्रभावित होने के बावजूद अब तक मरीजों के लिए समुचित वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गयी है. उनका आरोप है कि अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को मामले में तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए, ताकि गंभीर मरीजों के इलाज में किसी तरह की बाधा न आये.
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से हड़ताली कर्मियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं का समाधान कराने तथा न्यू ICU की सेवा तत्काल बहाल कराने की मांग की है.
कर्मियों की मांगों के समाधान की मांग
कार्य बहिष्कार कर रहे कर्मियों की मुख्य मांग पीएफ का भुगतान और लंबित मानदेय का भुगतान बताया जा रहा है. कर्मचारियों और अस्पताल प्रबंधन के बीच यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो न्यू ICU की व्यवस्था और प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है.
इधर, गंभीर मरीज के इलाज को लेकर परिजनों की चिंता लगातार बढ़ रही है. लोगों का कहना है कि कर्मचारियों की मांगों का समाधान अपनी जगह जरूरी है, लेकिन ICU में भर्ती गंभीर मरीजों के जीवन को देखते हुए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करना भी उतना ही जरूरी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए