गन फैक्ट्री में हथियारों का जखीरा! 10 अर्द्धनिर्मित हथियार, 20 पिस्टल बॉडी और मशीनें बरामद; पति-पत्नी गिरफ्तार
प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ वरूण रजक | Prabhat Khabar Network
महागामा में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है, जिसमें पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की. इस दौरान पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया है और मौके से दो दर्जन से अधिक अर्द्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने की मशीनें और कच्चा माल बरामद किया गया है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
प्रतिनिधि, महागामा : महागामा थाना क्षेत्र के घाट बलिया गांव में अवैध रूप से संचालित मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने उद्भेदन किया है. बुधवार देर शाम महागामा थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ वरुण रजक ने बताया कि छापेमारी के दौरान मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. वहीं बड़ी संख्या में अर्द्धनिर्मित हथियार, कारतूस, हथियार बनाने वाली मशीनें, उपकरण और कच्चा माल बरामद किया गया है.

पति-पत्नी गिरफ्तार, हथियार बनाने का सामान बरामद
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घाट बलिया निवासी हराधन मिर्धा, पिता स्व. पंचम मिर्धा और उसकी पत्नी गुलमुनी देवी, पति हराधन मिर्धा के रूप में हुई है.
उन्होंने बताया कि 16 सितंबर 2026 को बिहार एसटीएफ की टीम बेलहर थाना कांड संख्या 98/26 के प्राथमिक अभियुक्त पवन तुरी, निवासी मिर्जापुर बरदहा, मुंगेर के सत्यापन और गिरफ्तारी के सिलसिले में महागामा पहुंची थी. जांच के दौरान सूचना मिली कि घाट बलिया स्थित पवन तुरी के ठिकाने पर अवैध मिनी गन फैक्ट्री संचालित की जा रही है.
सूचना के आधार पर पुलिस पदाधिकारियों ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सह महागामा अंचल निरीक्षक मनोज कुमार गुप्ता की मौजूदगी में पवन तुरी के मकान पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान अवैध हथियार निर्माण से संबंधित सामग्री और उपकरण बरामद हुए. मौके से हराधन मिर्धा और गुलमुनी देवी को गिरफ्तार किया गया.

कई थानों की पुलिस और बिहार STF ने की संयुक्त कार्रवाई
छापेमारी अभियान एसडीपीओ वरुण रजक के साथ महागामा थाना प्रभारी अभिनव आनंद के नेतृत्व में चलाया गया. इसमें ललमटिया, मेहरमा, हनवारा और बोआरीजोर थाना के थाना प्रभारी तथा बिहार एसटीएफ की टीम शामिल थी.
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अवैध हथियार निर्माण से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है.
10 अर्द्धनिर्मित हथियार समेत हथियार बनाने की मशीनें बरामद
पुलिस के अनुसार, छापेमारी में 10 अर्द्धनिर्मित हथियार, 20 अर्द्धनिर्मित देशी पिस्टल बॉडी, 20 ग्रीप, एक स्लाइड, 13 बैरल/कटा हुआ बैरल, एक सेट अर्द्धनिर्मित पिस्टल और एक देशी रायफल बरामद की गयी.
इसके अलावा एक लेथ मशीन, तीन मिलिंग मशीन, दो ड्रिल मशीन, एक कटर मशीन, तीन वाइस मशीन, सात वर्नियर कैलिपर, विभिन्न प्रकार की रेती और ग्राइंडिंग व्हील भी बरामद हुए.
पुलिस ने 175 से अधिक लोहे की प्लेट/पत्ती, 22 मैगजीन पाइप, स्प्रिंग, चार बोरा लोहे का बुरादा, एक पल्सर मोटरसाइकिल संख्या JH18N-1645, एक बिना नंबर की इलेक्ट्रिक स्कूटी, एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन और एक साउंड बॉक्स भी बरामद किया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए