मिनी गन फैक्ट्री के मुख्य आरोपी से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे ; 2020 में गोड्डा शहर से शुरू हुआ था हथियारों का खेल

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

महागामा में चल रही मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि इस रैकेट में एक RTI एक्टिविस्ट भी शामिल था, जिसने 2020 से हथियार बनाने का धंधा शुरू किया था. इस मामले में कई लोगों के नाम सामने आ रहे हैं.

विज्ञापन

गोड्डा : महागामा थाना क्षेत्र के घाट बलिया में मिनी गन फैक्ट्री प्रकरण में पुलिस की पूछताछ में कई चौंकाने वाली बातें सामने आने की बात कही जा रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, बोकारो से गिरफ्तार आरटीआई एक्टिविस्ट, सोशल मीडिया पत्रकार एवं मानवाधिकार संस्था के पदाधिकारी के रूप में कार्य करने वाले सोशल वर्कर पवन कुमार तुरी से पूछताछ में मामले की परतें खुल रही हैं.

विज्ञापन

2020 से हथियार बनाने के कारोबार का दावा

सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में पवन कुमार तुरी द्वारा मुंगेर स्थित अपने पैतृक गांव से हथियार बनाने का हुनर सीखने के बाद वर्ष 2020 में आर्म्स बनाने का कारोबार शुरू करने की बात सामने आयी है. बताया जा रहा है कि घाट बलिया गांव में कारोबार शुरू करने से पहले पवन ने गोड्डा के किसी स्थान पर अपने कुछ सागिर्दों के साथ हथियार बनाने का काम शुरू किया था.

गोड्डा के कुछ लोगों के शामिल होने की बात

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पवन ने गोड्डा शहर में अपने साथ दो-तीन एक्टिविस्ट को भी इस धंधे में शामिल किया था. ऐसे लोगों से भी पुलिस द्वारा पूछताछ किये जाने की बात कही जा रही है. इस मामले में कई नाम सामने आने की बात भी बतायी जा रही है.

महागामा में स्थापित की मशीन

बताया जा रहा है कि गोड्डा शहर के बाद पवन अपनी मशीन आदि लेकर महागामा स्थित अपने गांव पहुंचा और वहां हथियार बनाने का कारोबार शुरू किया. सूत्रों के अनुसार, शहरी क्षेत्र में इस धंधे की भनक लोगों तक नहीं पहुंचे, इसके लिए महागामा का खनन क्षेत्र अधिक सुरक्षित माना गया.

हथियार तस्करी से जुड़े लोगों के नाम आने का दावा

महागामा में मिनी गन फैक्ट्री शुरू करने के साथ गोड्डा के सागिर्दों का लगातार सहयोग मिलने की बात भी सामने आने का दावा किया जा रहा है. इस काम में करीब आधे दर्जन लोगों के नाम पुलिस के सामने आने की बात कही जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, इनके माध्यम से हथियार तस्करी का खेल चलने की बात सामने आयी है.

पथरगामा से ललमटिया तक कुछ लोगों के नाम

सूत्रों के अनुसार, गिरोह में पथरगामा से लेकर ललमटिया क्षेत्र के कुछ दबंग लोगों के नाम भी सामने आने की बात कही जा रही है. इन लोगों की ईसीएल के अवैध तरीके से कोयले के कारोबार में भी पकड़ होने की बात बतायी जा रही है.

पुलिस मामले में अभी चुप

सूत्रों के अनुसार, पुलिस मामले से जुड़ी पूरी जानकारी तक पहुंचने का दावा कर रही है और जल्द इसका खुलासा किये जाने की संभावना है. हालांकि, अब तक पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक रूप से कोई जानकारी नहीं दी गयी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola