ePaper

अधूरा पड़ा है नौलखा डैम का जीर्णोद्धार, किसान चिंतित

Updated at : 06 Jun 2024 11:53 PM (IST)
विज्ञापन
अधूरा पड़ा है नौलखा डैम का जीर्णोद्धार, किसान चिंतित

नगर विकास व आवास विभाग की योजना अमृत 2.0 मिशन अंतर्गत नगर पंचायत धनवार में लगभग चार करोड़ की राशि से हो रहे नौलखा डैम का जीर्णोद्धार का काम काफी धीमी गति से चल रहा है. इधर, कई दिनों से काम बंद है.

विज्ञापन

जल भंडारण के अभाव में पोखर की शक्ल में सिमटा डैम

राजधनवार.

नगर विकास व आवास विभाग की योजना अमृत 2.0 मिशन अंतर्गत नगर पंचायत धनवार में लगभग चार करोड़ की राशि से हो रहे नौलखा डैम का जीर्णोद्धार का काम काफी धीमी गति से चल रहा है. इधर, कई दिनों से काम बंद है. काम क्यों बंद है, इसे बताने वाला भी कोई नहीं है. कल्वर्ट काटकर पानी बहा दिये जाने से कई गांव की सीमा तक फैला यह डैम पोखर की शक्ल में सिमट कर रह गया है. डैम में पानी नहीं रहने से क्षेत्र का जलस्तर नीचे चला गया है. प्रायः कुआं व चापाकल सूख गये हैं. नगर पंचायत व आसपास गांव के हजारों लोग इस भीषण गर्मी में जल समस्या झेल रहे है. मॉनसून प्रवेश करने पर काम होना मुश्किल होगा. सारा पानी टूटे कल्वर्ट से बह जायेगा और किसानों के खेतों में तबाही मचायेगा. जीर्णोद्धार योजना का शिलान्यास 27 सितंबर 2023 को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया था. कार्य शुरू करने के पूर्व डैम से मिट्टी खुदाई कर निकलने के लिए कल्वर्ट काटकर डैम का अधिकांश पानी बहा दिया गया. डैम में पानी की कमी होने से आसपास के सैकड़ों किसान गेहूं, सरसों, राई, गोट आदि नहीं लगा पाये. हालांकि, डैम का कल्वर्ट वर्ष 2022 में ही क्षतिग्रस्त हो गया था और डैम में पूरा जल जमाव नहीं हो पा रहा था. इसके कारण पिछले दो वर्षों से किसानों की धान की खेती भी मॉनसून के भरोसे कर रहे हैं. नौलखा डैम से बुधुवाडीह, मायाराम टोला, लालबाजार, ठेकाटांड़, जरीडीह, अंबाटांड़, बेहरवाटांड़, तिलैया, मसनोडीह, जमरेडीह, धनवार व बलवागढ़ आदि गांव के सैकड़ों किसान सालों पर कुछ-कुछ खेती करते हैं. डैम होने से धनवार बाजार का जलस्तर व पानी के खारापन में सुधार भी हुआ है. लेकिन, इधर दो वर्षों में डैम में कल्वर्ट क्षतिग्रस्त हो जाने, अल्पवृष्टि और योजना क्रियान्वयन के कारण जल भंडारण नहीं होने से किसानों को खेती करने में काफी परेशानी हो रही है. बरसात सिर पर हैं, लेकिन कल्वर्ट निर्माण की सुगबुगाहट भी नहीं दिख रही. इधर, जीर्णोद्धार कार्य भी बंद पड़ा है. ऐसे में किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है. किसान कृष्णा चौधरी ने कहा कि शिलान्यास के दस माह गुजर गये और अभी तक एक चौथाई काम भी पूरा नहीं हुआ है. कहा कि यही हाल रहा तो सैकड़ों किसान तीसरे साल भी खेती नहीं कर पायेंगे. अन्य कई किसानों ने कहा कि नगर पंचायत में होने के कारण उन्हें सुखाड़ का मुआवजा भी नहीं मिला. वहीं, किसान कृष्णा चौधरी, राजू राय, पंकज चौधरी, विजय बरनवाल, शंकर यादव, मिथलेश राय, कृष्ण कन्हैया प्रसाद, बिनु राय, दीपक पांडेय, बासो राय, बल्लू यादव, महेश यादव, संतोषी राम, दाऊद अंसारी, आबिद अंसारी आदि ने विभाग व जन प्रतिनिधियों से जल्द से जल्द जीर्णोद्धार व कल्वर्ट निर्माण कार्य पूर्ण कराने का अनुरोध किया है.

क्या कहते हैं नगर पंचायत प्रबंधक

नगर पंचायत प्रबंधक राम श्रीवास्तव ने कहा कि लोकसभा चुनाव के कारण जीर्णोद्धार कार्य पूरी गति नहीं पकड़ पाया. अब विलंब नहीं होगा और समय पर काम पूरा कर लिया जायेगा. काम बंद के बाबत जानकारी के लिए कार्यकारी एजेंसी अतुल प्रताप कंस्ट्रक्शन से संपर्क का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola