Giridih News :मेयर व वार्ड पार्षद के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 28 Jan 2026 10:48 PM
झारखंड नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी कर ली गई है. मेयर व वार्ड पार्षद पदों को लेकर नामांकन की प्रक्रिया 29 जनवरी से शुरू होगी.
मेयर पद के प्रत्याशी समाहरणालय में निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विजय सिंह बिरूआ के कार्यालय में नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे. वहीं, वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी गिरिडीह प्रखंड सह अंचल कार्यालय में नामांकन करेंगे. इसको लेकर तमाम तैयारी पूरी कर ली गयी है. सुरक्षा का पुख्ता व्यवस्था की गयी है. गिरिडीह प्रखंड कार्यालय की बैरिकेडिंग की गयी है. चार फरवरी तक नामांकन की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से लेकर अपराह्न तीन बजे तक चलेगी. नामांकन हॉल में उम्मीदवार के साथ पांच लोग ही अंदर जा सकेंगे. प्रखंड कार्यालय में वार्ड एक से 36 तक का नामांकन होगा.
धनवार नगर पंचायत चुनाव को ले प्रशासनिक तैयारी पूरी
धनवार नगर पंचायत चुनाव को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है. अनुमंडल प्रशासन ने चुनाव संबंधी आवश्यक सूचना, अधिसूचना व नामांकन से जुड़े सभी प्रपत्र जारी कर दिये हैं. इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी व सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से अनुमंडल स्तर पर बुधवार को समीक्षा बैठक हुई. डीसीएलआर सुनील कुमार प्रजापति ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के आलोक में नगर पंचायत चुनाव की पूरी प्रक्रिया संपन्न करायी जायेगी. नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी, मतदान व मतगणना की तिथि जारी कर दी गयी है. नामांकन दाखिल करने के लिए निर्धारित स्थल, समय व आवश्यक दस्तावेजों की सूची भी सार्वजनिक कर दिया गया, ताकि प्रत्याशियों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो. स्पष्ट किया कि नामांकन केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, वीडियोग्राफी, दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती की जाएगी.विधि व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
बैठक में यह भी कहा गया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अफवाह या कानून-व्यवस्था की समस्या से सख्ती से निपटा जाएगा. प्रत्याशियों व आम मतदाताओं से शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव में सहयोग की अपील की गयी. अभ्यर्थियों के संबंध में कहा कि निर्वाचन व्यय के अनुश्रवण के लिए सभी अभ्यर्थी एक अलग बैंक खाता खोलेंगे. यह खाता नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की तिथि से कम से कम एक दिन पहले तक खोला जाना चाहिए. प्रत्येक अभ्यर्थी को नाम निर्देशन पत्र दाखिल करते समय इस खाता का पूर्ण विवरण या पासबुक की फोटो कॉपी निर्वाची पदाधिकारी को उपलब्ध कराना अनिवार्य है. बताया कि बैंक खाता अभ्यर्थी अपने नाम या अपने निर्वाचन अभिकर्ता के साथ संयुक्त रूप से खोल सकते हैं. किसी भी स्थिति में अपने परिवार के सदस्यों के साथ संयुक्त रूप से खाता मान्य नहीं होगा. यदि परिवार के सदस्यों में से कोई निर्वाचन अभिकर्ता है, तो इसकी अनुमति दी जायेगी. बताया कि गुरुवार से नामांकन दाखिल करने, नामांकन पत्र खरीदने तथा एनआर रशीद कटाने आदि की सभी प्रक्रियाएं शुरू हो जायेगी. मौके पर जमुआ सीओ नरेश कुमार भी थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










