आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने के मामले में गिरफ्तारी नहीं, ग्रामीणों ने निकाला प्रतिवाद मार्च
प्रतिवाद मार्च में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network
दामा गांव में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने के विरोध में ग्रामीणों ने बगोदर में आक्रोशित मार्च निकाला. प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद गिरफ्तारी न होने से लोगों में भारी नाराजगी है. पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है.
गिरि़डीह. बगोदर थाना क्षेत्र के औरा अंतर्गत दामा गांव में संविधान निर्माता डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किये जाने के मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है. बुधवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने बगोदर बाजारटांड़ से पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रतिवाद मार्च निकाला. मार्च में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की.
बाजारटांड़ से बस पड़ाव तक निकला मार्च
प्रतिवाद मार्च बगोदर बाजारटांड़ से शुरू होकर पुरानी जीटी रोड होते हुए बगोदर बस पड़ाव पहुंचा. यहां मार्च नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. ‘प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वालों की गिरफ्तारी क्यों, पुलिस प्रशासन जवाब दो’, ‘पुलिस प्रशासन हाय-हाय’ और ‘बाबा भीमराव आंबेडकर अमर रहें’ जैसे नारे लगाये गये.
प्राथमिकी के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर जतायी नाराजगी
नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बीते माह औरा के दामा गांव में कुछ असामाजिक तत्वों ने डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया था. घटना को लेकर बगोदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. ग्रामीणों का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. इसे लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाये गये.
कुशमरजा की घटना का भी दिया हवाला
वक्ताओं ने कहा कि इलाके में डॉ आंबेडकर की प्रतिमाओं के साथ छेड़छाड़ और तोड़फोड़ की घटनाएं चिंता का विषय हैं. इसी वर्ष कुशमरजा गांव में भी आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किये जाने की घटना सामने आयी थी. ग्रामीणों ने कहा कि ऐसी घटनाओं में त्वरित कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से दामा गांव की घटना की जांच तेज कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.
बड़ी संख्या में महिला-पुरुष हुए शामिल
प्रतिवाद मार्च और नुक्कड़ सभा में उप प्रमुख हरेंद्र सिंह, जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय सदस्य दिनेश कुमार साहू, उप मुखिया जितेंद्र कुमार, मुमताज अंसारी, भीखी राम पासवान समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जा सकता है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए