Giridih News :मंदरामो पूर्वी आदर्श महिला हितैषी पंचायत के रूप में चयनित
Giridih News :सरिया प्रखंड की मंदरामो (पूर्वी) पंचायत को आदर्श महिला हितैषी के रूप में चयनित किया गया है. इसकी जानकारी मुखिया पिंकी देवी ने दी.
मुखिया ने बताया कि गिरिडीह जिले में मात्र दो पंचायत को आदर्श महिला हितैषी पंचायत के रूप में राज्य द्वारा चयनित किया गया है. इसमें मंदरामो पूर्वी पंचायत भी शामिल है. चयन के बाद राज्यस्तरीय टीम ने पंचायत सचिवालय का निरीक्षण किया. टीम में पंचायती राज विभाग के सदस्य अरशद अंसारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीकांत कुमार, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी संजय कुमार बर्णवाल, पंचायत सचिव दिया किरण शामल थे. उनके साथ मुखिया भी थी. टीम ने लोगों खासकर महिलाओं को आदर्श महिला हितैषी पंचायत के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की. बताया गया कि महिला हितैषी पंचायत महिलाओं के लिए एक सुरक्षित समावेशी और सामान वातावरण तैयार करती है, जहां उनका आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक सशक्तीकरण होता है. इस प्रकार की पंचायत ना केवल महिलाओं की उपस्थिति सुनिश्चित करती है, बल्कि महिलाओं की भागीदारी को सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र में बढ़ावा देती है, ताकि महिलाएं निर्भीक होकर जीवन जी सकें और निर्णय लेने की भूमिका निभा सकें.
विशेष महिला सभा का है प्रावधान
इस प्रकार की पंचायत में विशेष महिला सभा का प्रावधान है. सभा में महिलाएं अपनी जरूरत और चिंताओं को खुलकर रखती हैं. इस हितैषी पंचायत के माध्यम से बाल विवाह, घरेलू हिंसा, तिलक-दहेज, लैंगिक भेदभाव जैसी कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाना है. आंगनबाड़ी के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं के लिए स्वास्थ्य, पोषण, बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करना- कराना मुख्य उद्देश्य है. इसके अलावा स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के साथ बैंकिंग सेवा उपलब्ध करायी जायेगी. टीम अपनी रिपोर्ट राज्य को सौंपेगी. बताया गया कि राज्य की सभी चयनित आदर्श महिला हितैषी पंचायत की मुखिया को सम्मानित किया जायेगा. निरीक्षण के दौरान उपस्थित रोजगार सेवक, पंचायत सेवक, मुखिया, सभी आंगनबाड़ी सेविका, सहिया दीदी, जेएसएलपीएस दीदी एवं अन्य महिलाओं को पंचायत को और अधिक सशक्त बनाने के लिए कई टिप्स दिये गये.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए