परिस्थितियों को नहीं, अपनी दृष्टि को बदलें; सागर महाराज ने दिया आत्मविकास का संदेश
कार्यक्रम मे शामिल लोग
मुनि प्रमाण सागर महाराज ने कहा कि जीवन में परिस्थितियों को बदलने के बजाय अपनी दृष्टि को शुद्ध करना जरूरी है. आत्मचिंतन से ही जीवन में बदलाव आता है.
जीवन में घटने वाली घटनाओं से अधिक महत्वपूर्ण उन्हें देखने का हमारा दृष्टिकोण है. एक ही परिस्थिति किसी के लिए परेशानी का कारण बन सकती है, जबकि दूसरा व्यक्ति उसी परिस्थिति को सीख और आत्मविकास का अवसर बना सकता है.
आपके शहर में
इसलिए परिस्थितियों को बदलने के बजाय अपनी दृष्टि को शुद्ध करना जरूरी है. यह बातें सागर महाराज ने गुणायतन में प्रात:कालीन धर्मसभा में दर्शन विशुद्धि भावना विषय पर प्रवचन के दौरान कहीं.
सोलह कारण भावनाओं के अंतर्गत दर्शन विशुद्धि भावना पर प्रकाश डालते हुए मुनि ने कहा कि मनुष्य प्रतिकूल परिस्थितियों में अक्सर वास्तविक कारणों को तलाशने के बजाय दूसरों को दोषी ठहराने लगता है. परिवार, समाज, व्यवस्था या किसी व्यक्ति को अपनी परेशानी का कारण मान लेना आसान है, लेकिन अपने भीतर झांककर अपनी अपेक्षाओं, निर्णयों और कमजोरियों को पहचानना कठिन है.

उन्होंने कहा कि दूसरों को दोष देने से क्रोध, शिकायत और कटुता बढ़ती है, जबकि आत्मचिंतन समाधान का मार्ग खोलता है. दर्शन विशुद्धि का अर्थ केवल धार्मिक सिद्धांतों को जानना नहीं, बल्कि जीवन को सही दृष्टि से देखना भी है. दृष्टि विकृत होने पर हर परिस्थिति में दोष नजर आता है, जबकि निर्मल दृष्टि वाला व्यक्ति विपरीत परिस्थितियों में भी सीखने का अवसर खोज लेता है.
मुनि ने आगे कहा कि संसार को अपनी इच्छानुसार बदलना संभव नहीं है. हमारे हाथ में अपनी दृष्टि, विचार और प्रतिक्रिया को बदलना है. कोई घटना एक व्यक्ति को तोड़ सकती है और दूसरे को मजबूत बना सकती है. इसका कारण घटना नहीं, बल्कि उसके प्रति दृष्टिकोण है.
उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि किसी विपरीत परिस्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया देने के बजाय कुछ क्षण रुककर आत्मचिंतन करें. दर्शन विशुद्ध होगा तो विचार शुद्ध होंगे, विचार शुद्ध होंगे तो भाव निर्मल होंगे और निर्मल भाव ही जीवन को सही दिशा देंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए