Giridih News :बच्चा चोर की अफवाह को ले पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

Updated:
विज्ञापन
Giridih News :बच्चा चोर की अफवाह को ले पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

अहिल्यापुर पुलिस ने बच्चा चोर की अफवाह को लेकर रविवार को थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जागरूकता अभियान चलाया. इस दौरान थाना क्षेत्र के अहिल्यापुर, सलैया, फूलझरिया, कोलडीह, कोरियाद, लछुडीह, बुधूडीह, घोसको समेत विभिन्न इलाकों में घूम-घूमकर माइकिंग कर लोगों को बच्चा चोर की अफवाह को लेकर जागरूक किया.

विज्ञापन

थाना प्रभारी गुलाम गौस हुस्सामी ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल संदेशों और गलत सूचनाओं के आधार पर कई जगहों पर निर्दोष लोगों को बच्चा चोर बताकर भीड़ द्वारा मारपीट किये जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं. इसको लेकर पुलिस ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है. गांव-गांव और मोहल्लों में लोगों को समझाया जा रहा है कि अफवाहों पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में सीधे पुलिस से संपर्क करें. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना सत्यापन के बच्चा चोरी से जुड़ी कोई भी खबर, वीडियो या फोटो शेयर करना दंडनीय है.

अफवाह फैलाना दंडनीय कृत्य

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलानेवालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध लगे तो उसे पकड़कर मारपीट करने के बजाय तुरंत नजदीकी थाना को सूचना दें या थाना ले जाएं या फिर डायल 112 पर सूचना दें. कहा कि भीड़ बनाकर कानून हाथ में लेनेवालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी. मौके पर पुलिस पदाधिकारी साजिद खान, सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद राम, तारा प्रसाद वर्मा, छोटेलाल वर्मा, मनोज कुमार समेत कई मौजूद थे.

विज्ञापन
Pradeep Kumar

लेखक के बारे में

By Pradeep Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola