मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन, गिरिडीह में शोक की लहर

Updated:
विज्ञापन

दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार | Prabhat Khabar Network

झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का शनिवार रात निधन हो गया। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गिरिडीह के मर्सी अस्पताल ले जाया गया था, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

विज्ञापन

झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का शनिवार देर रात निधन हो गया. अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गिरिडीह के मर्सी अस्पताल ले जाया गया था. इलाज के दौरान रात करीब 2.30 बजे के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर मिलते ही गिरिडीह में शोक की लहर दौड़ गयी. परिजनों और समर्थकों में मातम है.

आपके शहर में

विज्ञापन

अस्पताल के बाहर जुटे समर्थक

रविवार सुबह मंत्री के निधन की खबर फैलने के बाद मर्सी अस्पताल के बाहर झामुमो कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों की भीड़ जुटने लगी. बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए अस्पताल पहुंचे. जिला प्रशासन के अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी अस्पताल पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की.

अस्पताल परिसर में समर्थकों और शुभचिंतकों की भीड़ के बीच माहौल गमगीन रहा. पार्टी कार्यकर्ताओं ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को संगठन और गिरिडीह की राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताया.

2019 में पहली बार बने थे विधायक

सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख नेताओं में शामिल थे. उन्होंने वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में पहली बार गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से झामुमो के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की. इसके बाद वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने गिरिडीह सीट से लगातार दूसरी बार जीत हासिल की.

हेमंत सोरेन सरकार में संभाली मंत्री की जिम्मेदारी

वर्ष 2024 में दोबारा विधायक चुने जाने के बाद सुदिव्य कुमार सोनू को हेमंत सोरेन सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी मिली. उन्हें नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य जैसे विभागों की जिम्मेदारी दी गयी थी.

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की खबर से झामुमो कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में गहरा शोक है. गिरिडीह की राजनीति में उनके निधन को एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है. उनके निधन के बाद बड़ी संख्या में समर्थक और शुभचिंतक शोक व्यक्त करने के लिए अस्पताल पहुंचते रहे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola