उत्सव उपवन में लगा रहा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का तांता, सुदिव्य सोनू को दी अंतिम विदाई
दिवंगत मंत्री का अंतिम दर्शन करते सीएम व अन्य
झारखंड के दिवंगत नगर विकास मंत्री के अंतिम दर्शन के लिए गिरिडीह में सीएम हेमंत सोरेन समेत कई दिग्गज नेता और हजारों समर्थकों की भीड़ उमड़ी.
गिरिडीह. नगर विकास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन और खेलकूद मामलों के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से गिरिडीह में शोक की लहर है. रविवार की सुबह उनके पार्थिव शरीर को उत्सव उपवन लाया गया. यहां अंतिम दर्शन के लिए झामुमो के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रशासनिक अधिकारी और आम लोग बड़ी संख्या में पहुंचे.
आपके शहर में

अंतिम दर्शन के लिए झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो समेत सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि उत्सव उपवन पहुंचे. ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडेय, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी समेत कई नेताओं ने दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि दी.
विभिन्न दलों के नेता पहुंचे
सुदिव्य कुमार सोनू के अंतिम दर्शन के लिए केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और ढुल्लू महतो भी पहुंचे. पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन, सिंदरी विधायक बबलू महतो, धनबाद विधायक राज सिन्हा, टुंडी विधायक मथुरा महतो, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, खूंटी विधायक राम सूर्य मुंडा, रामगढ़ विधायक ममता देवी, कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा, देवघर विधायक सुरेश पासवान और बोकारो विधायक श्वेता सिंह समेत कई जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की.
ये भी पढ़ें: सुदिव्य सोनू को पहले ही दी गई थी स्टेंट की सलाह, नहीं लगवाया ; रात में सीने में दर्द के बाद बिगड़ी तबीयत
पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख, विनोद सिंह, निजामुद्दीन अंसारी और केदार हाजरा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता भी उत्सव उपवन पहुंचे. झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत पार्टी के अन्य नेताओं ने भी दिवंगत मंत्री के अंतिम दर्शन किये.
हजारों लोगों ने दी श्रद्धांजलि
उत्सव उपवन में सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा. गिरिडीह की मेयर प्रमिला मेहरा, उप मेयर सुमित कुमार, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया, भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय समेत विभिन्न दलों के जिलास्तरीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता, उद्योगपति, बुद्धिजीवी, सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों के अधिकारी-कर्मी तथा आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में पहुंचे. अंतिम दर्शन के दौरान पूरा उत्सव उपवन शोक में डूबा रहा. हर कोई नम आंखों से दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि देता नजर आया.
अंतिम दर्शन के बाद सुदिव्य कुमार सोनू की अंतिम यात्रा निकाली गयी. उनके आकस्मिक निधन से गिरिडीह की राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में भी गहरा शोक व्याप्त है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए