हाथी के हमले में मृत महिला के परिजन को मिला 4 लाख रुपये का मुआवजा
मृतका के पति पेमा साव को चेक देते वन विभाग के अधिकारी | Prabhat Khabar Network
बिरनी में हाथी के हमले में जान गंवाने वाली महिला रधिया देवी के परिवार को आखिरकार चार लाख रुपये का मुआवजा मिल गया है. वन विभाग ने साढ़े तीन महीने बाद यह राशि मृतका के पति को सौंपी.
बिरनी प्रखंड के बंगराकला निवासी पेमा साव की पत्नी रधिया देवी (47) की हाथियों के झुंड के हमले में मौत के करीब साढ़े तीन माह बाद वन विभाग ने शनिवार को उनके परिजन को मुआवजा राशि दी. वन विभाग के अधिकारियों ने मृतका के घर पहुंचकर उसके पति पेमा साव को चार लाख रुपये का चेक सौंपा.
आपके शहर में
हाथियों ने कुचलकर ली थी जान
बताया गया कि बीते नौ मई को रधिया देवी की हाथियों के झुंड ने कुचल दिया था. घटना में उनकी मौत हो गयी थी. इसके बाद वन विभाग की ओर से मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की गयी थी. शनिवार को विभागीय अधिकारियों ने मृतका के पति को चार लाख रुपये की मुआवजा राशि का चेक सौंपा.
हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील
वन विभाग के अधिकारी योगेंद्र प्रसाद, बीरेंद्र यादव और अबोध कुमार महथा ने बताया कि विभाग की ओर से निर्धारित मुआवजा राशि मृतका के पति को दी गयी है. अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र में हाथियों का झुंड दिखाई देने पर इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें.
उन्होंने कहा कि ग्रामीण हाथियों को परेशान करने या उनके करीब जाने का प्रयास नहीं करें. हाथी सामान्य तौर पर शांत स्वभाव का होता है, लेकिन छेड़े जाने पर वह उग्र हो सकता है. ऐसे में जंगली हाथियों से हमेशा सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है.
मौके पर प्रमुख रामू बैठा, भाजपा जिला मंत्री लक्ष्मण दास, देवनाथ राणा, मुखिया सावित्री देवी, विजय भारती, सुखदेव साव, मुंशी साव, रामचंद्र साव, टुपलाल साव समेत अन्य मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए