बिरनी के झुंड के हमले में आदिवासी महिला की मौत, चार घायल; एक सप्ताह में 40 से अधिक लोग हुए प्रभावित
घटना की जानकारी देते ग्रामीण
झारखंड के भेलवाघाटी में जंगली बिरनी के झुंड ने ग्रामीणों पर हमला किया, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
भेलवाघाटी थाना क्षेत्र की हरियाडीह पंचायत अंतर्गत मंदनाडीह गांव में जंगली बिरनी के झुंड के हमले में 65 वर्षीया आदिवासी महिला संजो मरांडी की मौत हो गयी, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गये. घायलों में 60 वर्षीय मंझली मरांडी, 60 वर्षीय फुचन मुर्मू, 55 वर्षीय रभन मुर्मू और पांच वर्षीय गलेक्शन मरांडी शामिल हैं. घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल है.
मवेशी झाड़ी में गया तो भड़क गया बिरनी का झुंड
ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार को मंदनाडीह गांव के कई किसान, ग्रामीण और चरवाहे अपने मवेशियों को लेकर नदी की ओर गये थे. मवेशियों के चरने के बाद शाम के समय सभी उन्हें लेकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान एक मवेशी अचानक झाड़ियों की ओर चला गया.
झाड़ियों में मौजूद जंगली बिरनी का झुंड इससे भड़क गया और ग्रामीणों व उनके मवेशियों पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. ग्रामीणों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचायी. इस दौरान बिरनी के काटने से पांच लोग घायल हो गये.
इलाज के दौरान संजो मरांडी की मौत
हमले के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों का निजी स्तर पर उपचार कराया जा रहा था. इसी दौरान मंगलवार दोपहर इलाज के क्रम में संजो मरांडी की मौत हो गयी.
गंभीर रूप से घायल मंझली मरांडी की स्थिति नाजुक देखते हुए परिजनों ने उन्हें बेलाटांड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. अन्य घायलों का भी निजी स्तर पर उपचार कराया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: बगोदर में स्मार्ट मीटर ने दिया बिजली उपभोक्ताओं को झटका, 35 हजार तक के बिल से मचा हड़कंप
महिला की मौत की खबर के बाद गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था कराने की मांग की है.
एक सप्ताह में 40 से अधिक लोगों के घायल होने का दावा
झामुमो महिला मोर्चा की प्रखंड अध्यक्ष रीना बास्के, पूर्व उप मुखिया पौलुष टुडू, ग्रामीण लक्ष्मण टुडू, अमित मुर्मू, दीपक मुर्मू, जोसेफ मुर्मू, मशीह मुर्मू और राजेंद्र मुर्मू समेत अन्य लोगों ने मृतका के परिजनों को आर्थिक सहयोग देने तथा घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने की मांग की है.
ग्रामीणों के अनुसार, इलाके में जंगली बिरनी के हमले की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. इससे पहले गावां प्रखंड क्षेत्र में बिरनी के काटने से दो लोगों की मौत हो चुकी है. ग्रामीणों का दावा है कि पिछले एक सप्ताह में 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं.
पुलिस ने ली घटना की जानकारी
भेलवाघाटी थाना प्रभारी निरंजन कच्छप ने बताया कि मंदनाडीह गांव की एक महिला की मौत होने की सूचना मिली है. घटना को लेकर आवश्यक जानकारी ली जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए