गिरिडीह के पीरटांड़ में हाथियों का तांडव: दृष्टिबाधित वृद्ध को कुचला, पत्नी की हालत नाजुक
सदर अस्पताल मे थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह व अन्य | Prabhat Khabar Network
गिरिडीह के पीरटांड़ में हाथियों ने एक दिव्यांग दंपती पर हमला कर दिया. शौच के लिए निकले मंगरा मांझी की कुचलकर मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं.
गिरिडीह. पीरटांड़ थाना क्षेत्र के लेढवा मंडलडीह गांव में मंगलवार की रात हाथियों के झुंड ने एक दंपती पर हमला कर दिया. हाथियों के कुचलने से दिव्यांग मंगरा मांझी (60) की मौत हो गयी, जबकि उसकी पत्नी बड़की देवी गंभीर रूप से घायल हो गयी. घायल महिला का इलाज सदर अस्पताल गिरिडीह में कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया.
शौच के लिए घर से निकला था दंपती
परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे मंगरा मांझी शौच के लिए घर से बाहर निकला था. वह दृष्टिबाधित था. उसकी पत्नी बड़की देवी भी उसके साथ गयी थी. इसी दौरान वहां हाथियों का झुंड पहुंच गया और दोनों पर हमला कर दिया. हाथियों ने दोनों को कुचल दिया, जिससे मंगरा मांझी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गयी. बड़की देवी भी गंभीर रूप से घायल हुई.
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलने के बाद पीरटांड़ पुलिस गांव पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह ले गयी. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मंगरा मांझी को मृत घोषित कर दिया. बड़की देवी की हालत गंभीर होने पर उसे धनबाद रेफर कर दिया गया.
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हाथी की चपेट में आने से मंगरा मांझी की मौत हुई है. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा.
वन विभाग ने परिजनों को दी आर्थिक सहायता
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया. वन विभाग के अधिकारियों ने तत्काल पहल करते हुए मृतक के परिजनों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी. मंगरा मांझी का शव फिलहाल सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है.
हाथियों के लगातार विचरण से ग्रामीण चिंतित
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से हाथियों का झुंड प्रखंड के विभिन्न गांवों में विचरण कर रहा है. हाथियों ने कई स्थानों पर फसलों को नुकसान पहुंचाया है और घरों व चहारदीवारी को भी क्षति पहुंचायी है. ग्रामीणों ने हाथियों से सुरक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए