Giridih News :नगर निकाय के 165 बूथों पर चुनाव की प्रशासनिक तैयारियां पूरी

Giridih News :जिले में होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए सारी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गयी है. जिले के तीन नगर निकाय क्षेत्र में स्थित 165 बूथों पर मतदान की तैयारियां की गयी है. यह जानकारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने दी.
उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए कुल 940 मतदान कर्मी लगाये जा रहे हैं जिसमें से 110 मतदान कर्मी सुरक्षित रहेंगे और विशेष परिस्थिति में सुरक्षित रखे गये मतदान कर्मियों को संबंधित बूथों पर भेजा जायेगा. बता दें कि जिले में गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में 137, बड़की सरैया में 15 और राजधनवार में 14 बूथों पर मतदान होना है.
23 सेक्टर पदाधिकारी प्रतिनियुक्त
डीसी श्री यादव ने कहा कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए तीनों नगर निकाय क्षेत्र में कुल 23 सेक्टर पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. इन पदाधिकारियों के उपर मत पत्र संग्रह करने और मतदान के एक दिन पूर्व छह बजे शाम तक बूथ पर मत पत्र पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गयी है. मत पत्र झंडा मैदान से डिस्पैच किया जायेगा और सभी बूथों में मतदान की प्रक्रिया पूरी कर लेने के बाद उसे सेक्टर पदाधिकारी संग्रह करेंगे और फिर गिरिडीह में स्थित बाजार समिति में बनाये गये स्ट्रांग रूम में जमा करायेंगे. इसके अलावे विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए उड़नदस्ता, एसएसटी और एफएसटी भी बनायी गयी है.बाजार समिति में बनाये गये हैं स्ट्रांग रूम
श्री यादव ने बताया कि गिरिडीह में स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति में मतदान के बाद मत पत्र रखने की व्यवस्था की गयी है. इसके लिए चार स्ट्रांग रूम बनाये गये हैं. दो स्ट्रांग रूम गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के मत पत्र को रखने के लिए बनाये गये हैं, जबकि एक-एक स्ट्रांग रूम बड़की सरैया और राजधनवार क्षेत्र के लिए बनाया गया है. स्ट्रांग रूम की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है.
बूथों के आसपास नहीं रहेगी भीड़
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जायेगी. मतदान के दिन बूथों के आसपास बेवजह की भीड़ लगने नहीं दिया जायेगा. सिर्फ मतदान करने वाले लोग ही मतदान केंद्र के सौ मीटर के दायरे में रहेंगे. इसके अलावे प्रत्याशियों के द्वारा एक बूथ भवन के पास एक ही सहायता केंद्र खोलने की अनुमति है जो सौ मीटर की दूरी पर खोल सकेंगे. सहायता केंद्र में मात्र एक टेबल, एक कुर्सी रखने की छूट रहेगी. सहायता केंद्र को घेरने की अनुमति नहीं है.अब तक आचार संहिता के दो मामले दर्ज
डीसी ने बताया कि चुनाव अभियान के दौरान गिरिडीह जिले में आचार संहिता उल्लंघन के दो मामले दर्ज किये गये हैं. एक बड़की सरैया में आरती देवी और दूसरा मामला गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के डॉ शैलेंद्र कुमार चौधरी पर दर्ज हुआ है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इसके अलावे अन्य प्रत्याशियों ने निर्धारित मापदंड का पालन किया है. अब प्रचार अभियान थमने के बाद यदि कोई चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन करता है तो वैसे लोगों के विरूद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी. इस मौके पर उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, एडिशनल कलक्टर विजय सिंह बिरूआ, बगोदर-सरिया के एसडीओ संतोष गुप्ता उपस्थित थे.700 पुलिस कर्मियों की होगी तैनाती : एसपी
पत्रकारों को संबोधित करते हुए गिरिडीह के एसपी डॉ विमल कुमार ने कहा कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जायेगी. संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों को चिन्हित करते हुए वहां सुरक्षा बलों की तैनाती की जायेगी. मतदान के दिन 700 पुलिस कर्मियों की तैनाती होगी जिसमें 200 पुलिस अधिकारी होंगे, जबकि 500 आर्म्स गार्ड लगाये जायेंगे. मतदाताओं की सुविधा के लिए चौकीदार की भी तैनाती की जायेगी. इसके लिए 350 चौकीदारों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है. स्ट्रांग रूम में भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के लिए हथियारबंद पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे. इसके अलावे क्यूआरटी की टीम भी मुस्तैद रहेगी. किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी को सतर्क मोड में रखा जायेगा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




