Garhwa News: पानी मांगने के बहाने महिला को झांसे में लिया, दिनदहाड़े चेन-टॉप्स और अंगूठी छीनकर फरार

Updated:
विज्ञापन

गढ़वा में दो उचक्कों ने पानी मांगने के बहाने महिला को झांसे में लेकर सोने के गहने छीन लिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

विज्ञापन

गढ़वा : गढ़वा शहर में उचक्कों के हौसले बुलंद हैं. मंगलवार की शाम कचहरी रोड स्थित पशुपालन विभाग के गेट के पास दो अज्ञात युवकों ने पानी मांगने का बहाना बनाकर एक महिला को झांसे में लिया और बातचीत के दौरान उसके गले से सोने की चेन, कान के टॉप्स और अंगूठी छीनकर फरार हो गये. घटना के बाद पीड़िता ने गढ़वा थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और गहनों की बरामदगी की गुहार लगायी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पीड़िता की पहचान कचहरी रोड स्थित मंगल भवन के समीप रहनेवाली सरिता देवी, पति प्रेम प्रकाश साहू के रूप में हुई है. थाना में दिये आवेदन में सरिता देवी ने बताया कि एक सितंबर 2026 की शाम करीब 3:20 बजे वह बाजार जाने के लिए घर से निकली थीं. पशुपालन विभाग के गेट के पास पहुंचने पर दो अज्ञात युवक उनके पास आये.

अयोध्या से आने की बात कहकर मांगा पानी

सरिता देवी के अनुसार, दोनों युवकों ने खुद को अयोध्या से आया हुआ बताते हुए कहा कि उन्हें काफी प्यास लगी है और थोड़ा पानी पिला दें. महिला उनकी बात समझ ही रही थीं कि बातचीत के दौरान दोनों ने उन्हें अपने झांसे में ले लिया. इसके बाद अचानक जबरन उनके गले से सोने की चेन छीन ली.

पीड़िता के अनुसार, आरोपितों ने उनके दोनों कानों के टॉप्स, लड़ी समेत और एक सोने की अंगूठी भी छीन ली. छीने गये गहनों में करीब डेढ़ भर वजन की सोने की चेन शामिल है. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों युवक तत्काल वहां से फरार हो गये.

बेटी की शादी के लिए रखे थे गहने

अचानक हुई घटना से सरिता देवी घबरा गयीं और आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगायी, लेकिन तत्काल किसी ने उनकी सहायता नहीं की. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी तय हो चुकी है. शादी के खर्च के लिए उन्होंने इन्हीं गहनों को संभालकर रखा था. गहने चले जाने से परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ शादी की तैयारियों को लेकर भी चिंता बढ़ गयी है.

पुलिस से कार्रवाई और गहनों की बरामदगी की मांग

घटना के बाद सरिता देवी ने गढ़वा थाना प्रभारी को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने, आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने तथा छीने गये सोने के गहनों को जल्द बरामद करने की मांग की है.

शहर के व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े महिला से गहने छीन लिये जाने की घटना से लोगों में भी चिंता है. लोगों ने पुलिस से शहर के प्रमुख स्थानों पर गश्त बढ़ाने और इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola