ePaper

94 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद

Updated at : 23 Feb 2026 9:43 PM (IST)
विज्ञापन
94 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद

-गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में उत्साहित दिखे मतदाता, शाम पांच बजे तक किया मताधिकार का प्रयोग-गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में उत्साहित दिखे मतदाता, शाम पांच बजे तक किया मताधिकार का प्रयोग

विज्ञापन

-गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में उत्साहित दिखे मतदाता, शाम पांच बजे तक किया मताधिकार का प्रयोग जितेंद्र सिंह, गढ़वा नगर निकाय चुनाव को लेकर गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में सोमवार को हुए मतदान के लिए मतदाताओं में उत्साह दिखा. सुबह से ही शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं. युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी ने चुनाव को जीवंत बना दिया. पूरे दिन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही और शाम पांच बजे तक लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान के साथ गढ़वा के कुल 94 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला अब मतपेटियों में बंद हो गया है. इनमें 12 अध्यक्ष पद तथा 82 वार्ड पार्षद प्रत्याशी शामिल हैं. सुबह सात बजे जैसे ही मतदान शुरू हुआ, कई बूथों पर पहले से ही मतदाता पहुंच गये थे. कई स्थानों पर मतदाताओं ने कहा कि नगर के विकास, स्वच्छता, बेहतर जल निकासी, सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर इस बार विशेष जागरूकता देखने को मिली. पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में खासा उत्साह रहा. कई युवा सेल्फी लेकर लोकतंत्र के इस पर्व को यादगार बनाते दिखे. सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हर बूथ पर थी पुलिस बल की तैनाती चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये थे. सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बल और दंडाधिकारी की तैनाती की गयी थी. संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी गयी. गश्ती दल लगातार क्षेत्रों का भ्रमण करते रहे, जिससे मतदाताओं ने निर्भीक होकर मतदान किया. कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या विवाद की सूचना नहीं मिली, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली. कई स्थानों पर सुरक्षा बलों ने कतारों को व्यवस्थित कराया. महिला मतदाताओं की सुविधा के लिए अलग कतार की व्यवस्था की गयी थी. प्रत्याशी और समर्थक रहे सक्रिय चुनाव के दौरान विभिन्न प्रत्याशियों के कार्यकर्ता बूथों पर सक्रिय नजर आये. वे मतदाताओं से संपर्क कर मतदान के लिए प्रेरित करते दिखे. अध्यक्ष पद और वार्ड पार्षद पद के कई प्रत्याशी भी अलग-अलग मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान व्यवस्था का जायजा लिया. हालांकि आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए मतदान केंद्रों के भीतर प्रवेश नहीं किया गया. शहर के कई इलाकों में सुबह और दोपहर के समय मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी देखी गयी. कई वार्डों में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही. बुजुर्ग मतदाताओं ने भी उत्साहपूर्वक मतदान किया और कहा कि नगर के भविष्य के लिए मतदान करना जरूरी है. 21 वार्डों में बनाये गये 42 मतदान केंद्र गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के सभी 21 वार्डों में कुल 42 मतदान केंद्र बनाये गये थे. प्रत्येक केंद्र पर पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती की गयी थी. प्रशासन की ओर से पहले ही मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी थीं. मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए मतदान कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया था. मतदान के दौरान तकनीकी और प्रशासनिक सहायता के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया था, जहां से पूरे दिन स्थिति पर नजर रखी गयी. 18 वर्ष बाद बैलेट पेपर से मतदान नगर निकाय चुनाव में इस बार लगभग 18 वर्षों बाद बैलेट पेपर से मतदान कराया गया. इलेक्ट्रॉनिक मशीन की बजाय पारंपरिक मतपत्र प्रणाली लागू होने से शुरू में मतदाताओं के बीच हल्की जिज्ञासा जरूर दिखी, लेकिन मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई. प्रशासन की ओर से बैलेट पेपर से मतदान को लेकर पहले ही व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया था. बूथ स्तर पर मतदान कर्मियों ने कतार में खड़े मतदाताओं को क्रमवार जानकारी दी कि किस प्रकार सही स्थान पर मुहर लगाकर मतपत्र को मोड़कर मतपेटी में डालना है. युवा मतदाताओं ने इसे लोकतंत्र की पारंपरिक प्रणाली बताते हुए सहज अनुभव बताया. मतदाताओं का कहना था कि बैलेट से मतदान में उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हुई.

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Akarsh Aniket is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola