PM आवास के नाम पर वसूली का आरोप, पंचायत सचिव और पति के खिलाफ DC से शिकायत
गढ़वा में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है. पंचायत सचिव और उनके पति पर लाभुकों से घूस लेने का गंभीर आरोप लगा है.
गढ़वा. प्रधानमंत्री आवास योजना के गरीब लाभुकों से जियो टैगिंग और बैंक खाता होल्ड से मुक्त कराने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगा है. सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर सचिदानंद तिवारी ने पिपरा पंचायत की पंचायत सचिव रूबी कुमारी और उनके पति विनय कुमार गुप्ता के खिलाफ उपायुक्त और उपविकास आयुक्त से लिखित शिकायत की है.
आपके शहर में
बुजुर्ग के खाते को होल्ड कराने का आरोप
शिकायत के अनुसार, ग्राम बायें के 75 वर्षीय शंकर ठाकुर और रूबी देवी के बैंक खातों को कथित रूप से जबरन होल्ड कराया गया. शिकायतकर्ता का आरोप है कि खाते को चालू कराने के एवज में पैसे लिए गए. वहीं, ग्राम गांगी की लीलावती देवी और ग्राम बाना की विकलांग महिला अनवरी खातून से भी अतिरिक्त पैसे की मांग करने का आरोप लगाया गया है.
पैसे नहीं देने पर आवास की किस्त रोकने का आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पैसे नहीं देने पर कुछ लाभुकों की प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्तें रोक दी गईं. इसके अलावा क्षेत्र में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर भी तीन हजार रुपये की वसूली किए जाने का आरोप लगाया गया है.
मोबाइल की CDR जांच की मांग
सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर सचिदानंद तिवारी ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने उपायुक्त और उपविकास आयुक्त से पंचायत सचिव और उनके पति के मोबाइल की सीडीआर की जांच कराने की भी मांग की है, ताकि लगाए गए आरोपों की सच्चाई सामने आ सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए