रमकंडा में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त - पुलिया, डायवर्सन और गार्डवाल टूटा, 6 गांवों का संपर्क कटा, कच्चे मकान गिरे

Updated:
विज्ञापन

सड़क क्षतिग्रस्त दाहो | Prabhat Khabar Network

अगस्त की भारी बारिश से रमकंडा में कई पुलिया और गार्डवाल टूट गए हैं, जिससे दर्जनों गांवों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क कट गया है। ग्रामीण मरम्मत की मांग कर रहे हैं।

विज्ञापन

मुकेश तिवारी की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

रमकंडा, गढ़वा. अगस्त महीने में हुई लगातार बारिश ने रमकंडा प्रखंड में व्यापक नुकसान पहुंचाया है. करीब आधा दर्जन गांवों का संपर्क प्रखंड मुख्यालय से कट गया है. छोटे पुल-पुलिया, छलका, डायवर्सन और गार्डवाल क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है. बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर के कारण इन दिनों रुक-रुककर हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है. ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिले के वरीय पदाधिकारियों से क्षतिग्रस्त मार्गों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है.

चेटे गांव का संपर्क कटा

रमकंडा में लगातार बारिश के कारण उदयपुर-चेटे निर्माणाधीन सड़क पर पटसर और चेटे में डायवर्सन की मिट्टी बह गयी है. पटसर में गार्डवाल भी टूट गया है. इससे आवागमन ठप हो गया है. क्षेत्र के लोगों को करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित प्रखंड मुख्यालय पहुंचने में परेशानी हो रही है. ग्रामीण गोपाल परहिया, शोभा देवी, रामनाथ परहिया, मंगरू परहिया, उमेश कोरवा, सुंदर कोरवा, निर्मला देवी और प्रताप कुमार ने मरम्मत की मांग की है.

बागेसोती नाला की पुलिया बही

रमकंडा-गोबरदाहा रोड में बागेसोती नाला की पुलिया बह जाने से बलिगढ़ और गोबरदाहा गांव का संपर्क प्रखंड मुख्यालय से टूट गया है. मामले को लेकर मुखिया बिनोद प्रसाद ने गढ़वा उपायुक्त को शिकायत पत्र देकर समस्या के समाधान का आग्रह किया है. मुखिया के अनुसार, इन गांवों के लोगों के लिए रमकंडा पहुंचने का एक दूसरा रास्ता भी है. लेकिन उस मार्ग में जूतीडूमर नदी पर पुल नहीं होने के कारण बरसात के दौरान वहां से भी आवागमन बंद हो जाता है.

कोपीनाला और दाहो छलका क्षतिग्रस्त

रमकंडा-मंगराही रोड में कोपीनाला और दाहो गांव के बड़की नदी पर बना छलका क्षतिग्रस्त हो गया है. इससे रक्सी पंचायत के रक्सी, नुनगाछ, बेलवादामर और मंगराही गांव के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है.

मुखिया दुर्गावती देवी ने बताया कि दोनों जगहों पर पुलिया और छलका क्षतिग्रस्त होने से भंडरिया प्रखंड के पाट कछारवा, बिजका और फकीराडीह के लोगों को भी आवागमन में दिक्कत हो रही है.

गेडूडा नदी का छलका बहा, स्कूल जाने को मजबूर बच्चे

उदयपुर गांव के गेडूडा नदी में पिछले दिनों आयी बाढ़ में छलका बह गया. इससे ग्रामीणों का आवागमन बंद हो गया है. स्कूली बच्चे नदी पार कर स्कूल जाने को मजबूर हैं.

ग्रामीण नारद पांडेय, रोहित गुप्ता समेत अन्य लोगों ने छलका की जल्द मरम्मत की मांग की है. मुखिया शकुंतला देवी ने बताया कि इस मामले को लेकर गढ़वा डीसी से भी आग्रह किया गया है और जल्द मरम्मत की उम्मीद है.

स्कुलिया अहरा का बांध टूटा

रमकंडा प्रखंड मुख्यालय स्थित राजकीय मध्य विद्यालय के पास बने स्कुलिया अहरा का बांध टूट गया है. इससे विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की परेशानी बढ़ गयी है. बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है.

मंगराही हरिजन टोला की पुलिया बही

रक्सी पंचायत के मंगराही गांव स्थित हरिजन टोला की पुलिया पानी के तेज बहाव में बह गयी. इसके कारण हरिजन टोला और शिवटांड़ के सैकड़ों लोगों का इस रास्ते से आवागमन बंद हो गया है. ग्रामीणों को अब लंबी दूरी तय कर आवागमन करना पड़ रहा है.

ये भी पढ़ें: Nepal Flood : 6 दिन से लापता पलामू के महेंद्र की खोज में नेपाल पहुंचे परिजन

कच्चा घर गिरने से 50 किलो चावल बर्बाद

लगातार बारिश के कारण प्रखंड क्षेत्र की नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है. इससे कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. वहीं, कई कच्चे घर भी बारिश की मार नहीं झेल पा रहे हैं. मंगलवार सुबह बिराजपुर पंचायत के बरवा गांव में भारी बारिश के कारण हरौनी केरकेट्टा के घर की दीवार गिर गयी. घर गिरने से अंदर रखा करीब 50 किलो चावल समेत कई घरेलू सामान दबकर बर्बाद हो गये. घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और खाने-पीने की समस्या उत्पन्न हो गयी है. घटना की जानकारी मिलने पर मुखिया प्रतिनिधि शिवलखन लकड़ा मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से जानकारी ली.

ये भी पढ़ें: गढ़वा : छह माह पहले बना बांध भारी बारिश में टूटा, नक्षत्र वन का संपर्क मार्ग बंद

परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा

उन्होंने बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. लगातार बारिश से जिस तरह प्रखंड के कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है, उससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं. अब लोगों को क्षतिग्रस्त पुलिया, छलका, डायवर्सन और रास्तों की जल्द मरम्मत का इंतजार है.

क्षतिग्रस्त सड़क | Prabhat Khabar Network
क्षतिग्रस्त सड़क | Prabhat Khabar Network
गेडुडा छलका | Prabhat Khabar Network
गेडुडा छलका | Prabhat Khabar Network
बगेशोती नाला | Prabhat Khabar Network
बगेशोती नाला | Prabhat Khabar Network
चेटे में बहा डायवर्शन | Prabhat Khabar Network
चेटे में बहा डायवर्शन | Prabhat Khabar Network
घर का बरवा में गिरा दीवार दिखाती पीड़ित महिला | Prabhat Khabar Network
घर का बरवा में गिरा दीवार दिखाती पीड़ित महिला | Prabhat Khabar Network
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola