गणेश चतुर्थी, करमा और विश्वकर्मा पूजा को लेकर पुलिस अलर्ट
त्योहारों में खलल डालने वालों पर पुलिस की पैनी नजर | Prabhat Khabar Network
गणेश चतुर्थी और अन्य त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गढ़वा पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर।
गढ़वा: गणेश चतुर्थी, करमा पूजा और विश्वकर्मा पूजा के दौरान जिले में शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी. भीड़भाड़ वाले इलाकों, पूजा स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ायी जायेगी. किसी भी अप्रिय स्थिति से निबटने के लिए थाना एवं ओपी स्तर पर विशेष सतर्कता बरतने और लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है.
त्योहारों के दौरान जुलूस, पूजा आयोजन और बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने विधि-व्यवस्था को लेकर तैयारी तेज कर दी है. पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की संवेदनशीलता का आकलन कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है. असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया है.
अफवाह फैलाने वालों पर भी रहेगी नजर
पुलिस की नजर केवल सड़क और पूजा स्थलों तक सीमित नहीं रहेगी. किसी विवाद को हवा देने वाली गतिविधियों और अफवाह फैलाने वालों पर भी निगरानी रखी जायेगी. पुलिस अधिकारियों को छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लेने तथा समय रहते हस्तक्षेप करने को कहा गया है, ताकि त्योहार के दौरान किसी तरह का तनाव पैदा न हो.
नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
त्योहारों के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर भी विशेष अभियान चलाया जायेगा. प्रमुख मार्गों और भीड़ वाले क्षेत्रों में दोपहिया व चारपहिया वाहनों की जांच की जायेगी. नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी पुलिस सख्ती बरतेगी. ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया है.
चोरी और अपराध रोकने को बढ़ेगी निगरानी
त्योहारों में बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ने वाली भीड़ का फायदा उठाकर चोरी व अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी. थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में लगातार गश्त कराने और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी बढ़ाने को कहा गया है. पुलिस को आम लोगों की सुरक्षा के साथ उनकी शिकायतों के त्वरित समाधान को भी प्राथमिकता देने का निर्देश है.
शांतिपूर्ण माहौल में मनायें त्योहार
पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने कहा कि त्योहारों को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है. संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ लगातार गश्त की जायेगी. असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निबटने के लिए सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं. आम लोग शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनायें. पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहेगी.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए