रमकंडा बीआरसी भवन जर्जर, प्लास्टर गिरने और पिलरों में दरार से हादसे का डर
जर्जर भवन | Prabhat Khabar Network
रमकंडा प्रखंड संसाधन केंद्र की जर्जर हालत से कर्मी परेशान हैं। छत से पानी टपकने के कारण सरकारी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने का खतरा बना हुआ है।
रमकंडा, गढ़वा: प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) भवन की जर्जर हालत बरसात में परेशानी का सबब बनी हुई है. बारिश होते ही भवन की छत से कई कमरों में पानी टपकने लगता है. जगह-जगह प्लास्टर टूटकर गिर रहा है, जबकि पिलरों की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है. ऐसे में भवन में काम करने वाले कर्मियों को हादसे का डर सताता रहता है.
बारिश के दौरान कमरों में पानी जमा हो जाता है, जिससे विभागीय कामकाज भी प्रभावित होता है. कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को पानी से बचाने के लिए उन्हें ढककर रखना पड़ता है. लगातार नमी और पानी टपकने से उपकरणों के खराब होने का खतरा भी बना हुआ है. बीआरसी के कमरों में बच्चों के बीच वितरण के लिए रखी किताबें और कॉपियां भी बारिश के पानी की चपेट में आ रही हैं. नमी के कारण इनके खराब होने की आशंका है. जरूरी कागजात और अन्य सामग्री को सुरक्षित रखने में भी कर्मियों को परेशानी हो रही है.
बीआरसी में जगह नहीं, स्कूल में हो रहा काम
भवन की बदहाल स्थिति का असर विभागीय कामकाज पर भी पड़ रहा है. पर्याप्त जगह और व्यवस्था नहीं होने के कारण एमडीएम ऑपरेटर को मिडिल स्कूल के रसोईघर के पास स्थित भवन में बैठकर काम करना पड़ता है. वहीं विभागीय गुरु गोष्ठी हाई स्कूल भवन में आयोजित की जाती है.
स्थानीय लोगों ने भवन का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है. उन्होंने छत, पिलर और भवन के अन्य जर्जर हिस्सों की तकनीकी जांच कराकर आवश्यक मरम्मत कराने का आग्रह किया है, ताकि कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ बच्चों की शैक्षणिक सामग्री को भी नुकसान से बचाया जा सके.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए