स्कूलों में लेसन प्लान अपलोड नहीं किया तो होगी कार्रवाई
शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार पहली प्राथमिकता : बीपीओ | Prabhat Khabar Network
श्री बंशीधर नगर में प्रधानाध्यापकों की समीक्षा बैठक हुई. इसमें लेसन प्लान अपलोड न करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई और शिक्षा की गुणवत्ता सुधार पर जोर दिया गया. छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए.
श्री बंशीधर नगर. स्थानीय प्लस टू उच्च विद्यालय के सभागार में सोमवार को प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी वीरेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में प्रखंड के सभी उच्च, मध्य एवं प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की समीक्षा बैठक हुई. बीपीओ ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार विभाग की पहली प्राथमिकता है. इसके लिए सभी शिक्षकों को टीम भावना से काम करना होगा.
जे-गुरुजी एप पर अपलोड करना होगा स्प्लिट सिलेबस
बैठक में विभागीय योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गयी. बीपीओ ने सभी शिक्षकों को स्प्लिट सिलेबस जे-गुरुजी एप पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने का निर्देश दिया. लेसन प्लान अपलोड नहीं करने वाले शिक्षकों की सूची तैयार कर विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को भेजने की बात कही. ई-कल्याण पोर्टल पर छात्रवृत्ति की प्रविष्टि निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया. जिन विद्यालयों में प्रशस्त एप अब तक लोड नहीं किया गया है, वहां तत्काल प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया.
बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति पर जोर
प्रयास कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. जिले के कार्यक्रम ‘गढ़वा लर्न्स, गढ़वा लीड्स’ को सफल बनाने के लिए शिक्षकों को समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया. कक्षा एक से तीन तक बच्चों के बुनियादी साक्षरता, भाषाई और गणितीय कौशल को मजबूत करने के लिए एफएलएन किट का नियमित प्रयोग करने को कहा गया.
प्रोजेक्ट रेल का परिणाम पोर्टल पर होगा अपलोड
‘प्रोजेक्ट रेल’ परीक्षा का परिणाम निर्धारित समय-सीमा में ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अपलोड करने का भी निर्देश दिया गया. बैठक में शिक्षा सारथी योजना के क्रियान्वयन की भी समीक्षा हुई. बीपीओ ने विद्यालयों में साफ-सफाई, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, उपस्थिति पंजी के सही संधारण, समय पर रिपोर्ट भेजने, इको क्लब का लिंक भरने तथा विद्यालय परिसर में पौधरोपण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया.
बैठक में बीआरपी श्रीकांत चौबे, लेखापाल प्रदीप शुक्ल, सीआरपी संजय कुमार सिंह, अजय कुमार, शोभा कुमारी, वीरेंद्र प्रजापति, सुबोध कुमार केशरी, शक्ति दास सिन्हा, एमआईएस कोऑर्डिनेटर राजकुमार कुशवाहा समेत प्रखंड के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए