गढ़वा में नकली पनीर पर बड़ी कार्रवाई, 35 किलो जब्त कर कराया नष्ट
गढ़वा में 35 किलो सिंथेटिक पनीर जब्त, 50 हजार जुर्माना | Prabhat Khabar Network
गढ़वा में त्योहारों के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई की है. प्रकाश इंटरप्राइजेज के गोदाम से 35 किलो नकली/सिंथेटिक पनीर बरामद किया गया, जिसे तुरंत जब्त कर नष्ट कर दिया गया. इस मामले में प्रतिष्ठान पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है.
गढ़वा. त्योहारों के बीच खाद्य सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को गढ़वा शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन जांच अभियान चलाया. चौधराना बाजार स्थित प्रकाश इंटरप्राइजेज के गोदाम में जांच के दौरान 35 किलो नकली/सिंथेटिक पनीर बरामद किया गया. विभाग ने पनीर को तत्काल जब्त कर नष्ट करा दिया. मामले में अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ आरएस सिंह ने प्रतिष्ठान पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया. कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में हड़कंप रहा.
जांच में संदिग्ध मिला पनीर
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गढ़वा-1 दीपश्री के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले प्रकाश इंटरप्राइजेज के गोदाम की जांच की. यहां पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर उसकी जांच की गयी, जिसमें उसे नकली/सिंथेटिक पाया गया. इसके बाद 35 किलो पनीर जब्त कर नष्ट कराया गया. विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वाले कारोबारियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
कई मिठाई दुकानों में भी हुई जांच
अभियान के दौरान रंका मोड़ स्थित प्रकाश स्वीट, बसंती मिठाई एवं नमकीन, सूर्योदय शॉपी और फास्ट फूड कॉर्नर में रखे पनीर की जांच की गयी. इसके अलावा मेन रोड स्थित मां वैष्णो स्वीट्स, काजू स्वीट्स, जायसवाल स्वीट्स, राजलक्ष्मी स्वीट्स और बनारसी स्वीट्स समेत अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की गयी. प्राथमिक जांच में इन प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री मानक के अनुरूप पायी गयी.
लाइसेंस प्रदर्शित करने का निर्देश
जांच टीम ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के साथ व्यवसाय संचालित करने तथा लाइसेंस को प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया. प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने और प्रतिबंधित खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने की चेतावनी दी गयी. विभाग ने कहा कि अगले निरीक्षण में बिना लाइसेंस या खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन मिलने पर सख्त कार्रवाई की जायेगी.
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री ने बताया कि आगे भी शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिये जायेंगे. उनकी गुणवत्ता की जांच कर मानक के विपरीत सामग्री मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
अभियान में पुलिस प्रशासन की ओर से एएसआइ दशरथ टोप्पो, आरक्षी विवेकानंद तथा खाद्य सुरक्षा विभाग के विवेक तिवारी, संतोष कुमार आदि मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए