गढ़वा में तीज की धूम के बीच शिक्षिका जया तिवारी सम्मानित, पारंपरिक गीतों पर झूमीं महिलाएं
इनर व्हील क्लब ऑफ गढ़वा ग्लोरियस ने समाजसेवा के तहत एक अनूठा आयोजन किया. क्लब ने शिक्षिका जया तिवारी को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया और सदस्यों ने मिलकर तीज का पर्व धूमधाम से मनाया.
गढ़वा. समाजसेवा और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय इनर व्हील क्लब ऑफ गढ़वा ग्लोरियस की ओर से सोनपुरवा में क्लब की सदस्य निशा जायसवाल के आवास पर शिक्षक सम्मान समारोह सह तीज सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए बीएनटी सेंट मेरी पब्लिक स्कूल की शिक्षिका जया तिवारी को शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया. इसके साथ ही क्लब की सदस्यों ने पारंपरिक उत्साह के साथ तीज पर्व मनाया.
कार्यक्रम की शुरुआत सोनी गुप्ता ने इनर व्हील प्रार्थना के साथ की. इसके बाद दीप प्रज्वलित कर क्लब की अध्यक्ष दिपाली अग्रवाल ने अतिथियों, सम्मानित शिक्षिका जया तिवारी और क्लब की सदस्यों का स्वागत किया. उपाध्यक्ष विनीता आनंद ने जया तिवारी का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया. इसके बाद क्लब की सदस्यों ने उन्हें शॉल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया.
सम्मान से शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर काम करने की प्रेरणा
क्लब की अध्यक्ष दिपाली अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक होते हैं. जया तिवारी ने अध्यापन के माध्यम से अनेक बच्चों के भविष्य को संवारने में योगदान दिया है. सम्मान प्राप्त करने के बाद जया तिवारी ने क्लब के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा देगा.
तीज के गीतों पर महिलाओं ने किया नृत्य
सम्मान समारोह के बाद तीज सेलिब्रेशन हुआ. पारंपरिक परिधानों में सजी क्लब की सदस्यों ने भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक प्रस्तुत की. तीज के पारंपरिक गीतों के साथ बॉलीवुड गीतों पर भी महिलाओं ने नृत्य किया. इसके अलावा मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं, जिसमें सदस्यों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. प्रतियोगिताओं के विजेताओं को क्लब की ओर से पुरस्कृत किया गया.
कार्यक्रम के अंत में क्लब की सदस्य श्वेता सोनी ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों, बीएनटी स्कूल परिवार और आमंत्रित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम का संचालन रजनी गुप्ता ने किया.
मौके पर अंकिता अग्रवाल, ममता कश्यप, शोभा सोनी, रुचि अग्रवाल, प्रीति रानी कश्यप, श्वेता अग्रवाल, शालिनी अग्रवाल, शोभा कश्यप, प्रतिमा कश्यप, प्रीति गुप्ता, खुशबू गुप्ता, डॉ. प्रीति गुप्ता समेत क्लब की अन्य सदस्य उपस्थित थीं. आनंद और सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का समापन हुआ.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए