गढ़वा: आधी रात को सड़कों पर उतरे एसडीएम, अवैध बालू लदे 3 ट्रैक्टर जब्त

गढ़वा एसडीएम
Garhwa News: गढ़वा में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए देर रात औचक गश्ती अभियान चलाया. एसडीएम संजय कुमार के नेतृत्व में तीन बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किए गए. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट
Garhwa News: जिला मुख्यालय और आसपास के इलाकों में बालू लदे ट्रैक्टरों से रात के समय बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने संज्ञान लिया है. देर रात एसडीएम ने खुद कमान संभालते हुए अवैध बालू परिवहन के खिलाफ औचक गश्ती अभियान चलाया. इस कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है. अभियान के दौरान अवैध बालू ले जा रहे तीन ट्रैक्टरों को रंगे हाथ पकड़ा गया
बीच सड़क पर बालू गिराकर भागने की कोशिश
पकड़े गए वाहनों में एक ट्रैक्टर पूरी तरह बालू से लदा हुआ था, जो पतरिया डुमरिया निवासी मुकेश तिवारी का बताया जा रहा है.वहीं, अन्य दो ट्रैक्टर सुनील जायसवाल (निवासी छतरपुर) और मनीष पांडेय के हैं. कार्रवाई की भनक लगते ही इन दोनों ट्रैक्टरों के चालकों ने पकड़े जाने के डर से बीच सड़क पर ही बालू गिरा दिया और ट्रैक्टर मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने उन्हें धर दबोचा.
पहले भी दोषी पाए जा चुके हैं ट्रैक्टर मालिक
एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि ये तीनों ट्रैक्टर मालिक पहले भी बालू चोरी के मामलों में दोषी पाए जा चुके हैं. बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद ये अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे थे. इनका यह कृत्य न सिर्फ राजस्व की चोरी है, बल्कि गंभीर सड़क दुर्घटनाओं और विधि-व्यवस्था के लिए भी एक बड़ी चुनौती बन रहा था. अवैध कारोबारियों की इस ढिठाई को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. इन तीनों को आदतन दोषी मानते हुए बीएनएसएस की धारा 110 के तहत कार्रवाई की जा रही है और इनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है.इसके अलावा, इन पर नियम संगत जुर्माना लगाया जाएगा और जुर्माना न देने की स्थिति में नीलामपत्रवाद के जरिए वसूली की जाएगी.
टोल प्लाजा से मांगी गई 4 रातों की सीसीटीवी फुटेज
फोरलेन बाईपास पर रातभर तेज और अनियंत्रित गति से दौड़ने वाले बालू लदे ट्रैक्टरों के कारण आम नागरिकों की सड़क सुरक्षा दांव पर लगी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने संबंधित टोल प्लाजा प्रबंधन को बीते चार रातों की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. इस फुटेज के जरिए अवैध बालू परिवहन में शामिल अन्य वाहनों और पूरे सिंडिकेट/नेटवर्क की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी. एसडीएम ने कहा कि यह सिर्फ अवैध खनन नहीं, गंभीर विधि-व्यवस्था का मामला है. एसडीएम संजय कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि देर रात तेज रफ्तार से दौड़ने वाले बालू ट्रैक्टर केवल अवैध खनन का विषय नहीं हैं, बल्कि यह आम जनता की जान-माल की सुरक्षा और गंभीर विधि-व्यवस्था से जुड़ा मामला है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों और ट्रैक्टर मालिकों से फीडबैक लेकर इस पूरे रैकेट की एक गोपनीय रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे जल्द ही उपायुक्त को सौंपा जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने जिला खनन पदाधिकारी और खनन निरीक्षक को अपने स्तर से नियमित छापेमारी करने का निर्देश दिया है. एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि अगर खनन विभाग को छापेमारी के लिए दंडाधिकारी या पुलिस बल की जरूरत होगी, तो जिला प्रशासन उसे तुरंत उपलब्ध कराएगा.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में जनजातीय सांस्कृतिक समागम रैली का आयोजन, झारखंड से 4500 लोग होंगे रवाना
यह भी पढ़ें: पलामू में चोरी: हरिहरगंज में इंडेन गैस गोदाम से 275 भरे सिलेंडर पार, ट्रक लेकर आए थे शातिर चोर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By श्वेता वैद्य
श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.
झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










