गढ़वा में मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग का एक्शन: 50 किलो रंग-बिरंगे लड्डू-पेड़े नष्ट , जानें क्यों मचा हड़कंप?
होटल का जांच करते अधिकारी. | Prabhat Khabar Network
गढ़वा के भंडरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी कर 50 किलो से अधिक मिलावटी मिठाई नष्ट की। दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई है।
संतोष वर्मा की रिपोर्ट
भंडरिया(गढ़वा ). भंडरिया मुख्यालय में बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाजार और इंदिरा गांधी चौक के आसपास किराना दुकानों, फूड कॉर्नर और होटलों में जांच और छापेमारी अभियान चलाया. अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रोहित कुमार, (गढ़वा-4) ने किया.
प्रतिबंधित खाद्य रंग का इस्तेमाल
जांच के दौरान कई दुकानों और होटलों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई. इस दौरान कुछ जगहों पर मिठाइयों में प्रतिबंधित खाद्य रंग के इस्तेमाल का मामला सामने आया. कार्रवाई के दौरान 50 किलो से अधिक लड्डू, पेड़ा और बर्फी को मौके पर ही नष्ट कराया गया. अभियान की शुरुआत इंदिरा गांधी चौक के पास स्थित विजय होटल से हुई. इसके बाद महादेव होटल में तैयार लड्डुओं की जांच की गई, जहां गैर अनुमोदित खाद्य रंग का इस्तेमाल पाया गया. इसके बाद करीब 30 किलो लड्डू नष्ट कराए गए. दिलीप होटल में भी करीब 10 किलो लड्डू में गैर अनुमोदित खाद्य रंग का इस्तेमाल पाया गया. इन लड्डुओं को भी मौके पर ही नष्ट करा दिया गया.
10 किलो पेड़ा और बर्फी नष्ट
इसके बाद इंदेश होटल में पेड़ा और बर्फी की जांच की गई. यहां खोवा में मिलावट की आशंका पर आयोडीन से जांच की गई. जांच के बाद करीब 10 किलो पेड़ा और बर्फी नष्ट कराई गई.
ये भी पढ़ें: सरकार से सालों लगाई गुहार, फिर भी नहीं बनी सड़क - आखिर ग्रामीणों ने खुद उठा लिया फावड़ा
कुछ दुकानों में सही पाए गए जांच
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रोहित कुमार ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों में मिलावट से होने वाले नुकसान की जानकारी दी. उन्होंने दुकानदारों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और प्रतिबंधित या हानिकारक खाद्य रंग का इस्तेमाल नहीं करने की सख्त हिदायत दी. उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जिन दुकानदारों के पास खाद्य अनुज्ञप्ति या पंजीकरण नहीं था, उन्हें जल्द से जल्द आवश्यक लाइसेंस और पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया.
मिलावट करने वाले दुकानदारों में हड़कंप
छापेमारी के दौरान भंडरिया थाना के एसआई संजीत चौधरी, अजय पासवान, डब्लू पासवान समेत अन्य पुलिसकर्मी और जैप के जवान मौजूद रहे. खाद्य सुरक्षा विभाग की अचानक हुई कार्रवाई से मिलावट करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए