निर्वाचन ड्यूटी से अनुपस्थित बीटीएम-एटीएम से 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण
मझिआंव में निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने वाले बीटीएम और एटीएम को बीडीओ ने 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर होगी कार्रवाई।
मझिआंव, गढ़वा: निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में ड्यूटी से अनुपस्थित रहना बरडीहा के बीटीएम और एटीएम को भारी पड़ सकता है. प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने दोनों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ सेवा से मुक्त करने के लिए सक्षम प्राधिकारी को रिपोर्ट भेजने की चेतावनी दी गयी है.
जानकारी के अनुसार, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (बीटीएम) आकाश सिंह की प्रतिनियुक्ति निर्वाचन सूची की विसंगतियों के निष्पादन और भौतिक सुनवाई के लिए टेबल नंबर छह पर की गयी थी. लेकिन वे बिना पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित मिले. खास बात यह है कि पूर्व में जारी स्पष्टीकरण पत्रों का भी उन्होंने जवाब नहीं दिया. इसे बीडीओ ने आदेश की अवहेलना और घोर लापरवाही माना है.
वहीं, सहायक तकनीकी प्रबंधक (एटीएम) आशुतोष कुमार पर भी कार्यालय में समय पर योगदान नहीं देने और बिना सूचना अनुपस्थित रहने का आरोप है. उन्हें स्पष्टीकरण सह चेतावनी पत्र जारी किया गया है.
जवाब संतोषजनक नहीं मिला, तो होगी कार्रवाई
बीडीओ ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. दोनों कर्मियों से 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है. जवाब संतोषजनक नहीं होने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी तथा सेवा से मुक्त करने के लिए सक्षम प्राधिकारी को प्रतिवेदन भेजा जायेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए