जनसमस्याओं को लेकर डॉ प्रदीप बलमुचू ने बीडीओ-सीओ से की मुलाकात, बोले- पंचायत स्तर पर हो समस्याओं का समाधान

बीडीओ से जनसमस्याओं पर चर्चा करते डॉ प्रदीप बलमुचू | Prabhat Khabar Network
पूर्व सांसद डॉ प्रदीप बलमुचू ने घाटशिला में बीडीओ-सीओ से मिलकर आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पंचायत स्तर पर सेवाएं देने की मांग की है.
प्रतिनिधि, घाटशिला
कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सांसद सह झारखंड प्रदेश इंटक (ददई गुट) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू अपने समर्थकों के साथ मंगलवार को घाटशिला प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचे. इस दौरान उन्होंने बीडीओ यूनिका शर्मा और सीओ निशांत अंबर से मुलाकात कर आम लोगों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की तथा उनके त्वरित समाधान की मांग की.
प्रमाण पत्र और म्यूटेशन की प्रक्रिया सरल बनाने की मांग
डॉ बलमुचू ने कहा कि जाति, आवासीय, आय, मृत्यु प्रमाण पत्र, म्यूटेशन और खजाना रसीद जैसे कार्यों के लिए ग्रामीणों को बार-बार प्रखंड और अंचल कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है. उन्होंने इस मामले में सरकार से इन सेवाओं को पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने की मांग की. कहा कि सरकार को संज्ञान में लेकर इसे पंचायत स्तर से ही मामला का निष्पादन हो, ताकि दूर-दराज के ग्रामीणों को राहत मिल सके. उन्होंने एसआईआर के दौरान मांगी जा रही वंशावली को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि वंशावली पर एसडीओ, बीडीओ, सीओ, पंचायत या ग्रामसभा में से किस स्तर की स्वीकृति मान्य होगी. कहा कि स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं होने से आम लोगों को अनावश्यक परेशानी हो रही है.
जलमीनार और चापाकलों की समस्या उठाएंगे
इस दौरान उनके साथ आए कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने भी जाति, आवासीय, आय प्रमाण पत्र, म्यूटेशन और अन्य राजस्व संबंधी मामलों को अधिकारियों के समक्ष रखा. अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल का भरोसा दिया. डॉ बलमुचू ने बताया कि क्षेत्र के लोगों ने पेयजल एवं जलापूर्ति से जुड़ी समस्याएं भी उनके समक्ष रखी हैं. कहा कि 27 जुलाई को जल स्वच्छता विभाग के कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जलमीनार, चापाकल एवं घाटशिला शहरी जलापूर्ति से संबंधित समस्याओं के समाधान पर चर्चा की जायेगी. मौके पर प्रदेश सचिव तापस चटर्जी, शेख अशरफ भोलू, मंडल अध्यक्ष कन्हैया शर्मा, नरेश महाकुड़, सुधीर टुडू, शेख फारूक, अब्दुल गफ्फार, मुकुंद सिंह, राजन बजराय, असित पांडा, कन्हाई मुर्मू, दयानिधि गिरी, मिथुन हेंब्रम, कमलाकांत सीट, प्रदीप भद्रो, शमशाद खान, पीयन हेंब्रम, सुब्रतो दत्ता, लोबिन सिंह समेत कांग्रेस के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










