झारखंड के जुगसलाई में मरीन ड्राइव की तर्ज पर बनेगा नया कॉरिडोर, चेयरमैन नौशीन खान ने बताया विजन
Published by : Sameer Oraon Updated At : 01 Mar 2026 1:05 PM
जुगसलाई पहली महिला चेयरमैन नौशीन खान और उनके पति
Jharkhand Municipal Election Result 2026: जुगसलाई नगर निकाय की पहली महिला चेयरमैन नौशीन खान ने शहर के विकास के लिए अपना विजन साझा किया है. इसमें ट्रैफिक जाम से मुक्ति के लिए खरकई नदी के किनारे नया कॉरिडोर, स्कूलों का अपग्रेडेशन और नशा मुक्ति के लिए मोहल्ला कमेटियों का गठन प्रमुख है.
Jharkhand Municipal Election Result 2026, पूर्वी सिंहभूम (संजीव भारद्वाज): पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित जुगसलाई नगर निकाय की पहली महिला चेयरमैन चुनी गयीं नौशीन खान ने क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर अपना विजन साफ कर दिया है. प्रभात खबर से विशेष बातचीत में उन्होंने बेबाक अंदाज में अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरेंगी. दिलचस्प संयोग यह है कि अब एक ही घर में दो-दो चेयरमैन हैं. नौशीन खान के पति हिदायतुल्लाह खान भी वर्तमान में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हैं.
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, खरकई किनारे बनेगा नया मार्ग
चेयरमैन नौशीन खान ने कहा कि जुगसलाई में ट्रैफिक की समस्या गंभीर है. इसके स्थायी समाधान के लिए खरकई नदी के किनारे एक विशेष सड़क विकसित करने की योजना है. उन्होंने बताया कि जिस तरह बिष्टुपुर से सोनारी–कदमा तक स्वर्णरेखा नदी किनारे मरीन ड्राइव विकसित किया गया है, उसी तर्ज पर चाईबासा, राजनगर, जिलिंगगोड़ा और बागबेड़ा को जोड़ते हुए जुगसलाई से बिष्टुपुर मुख्य मार्ग तक नया कॉरिडोर बनाया जा सकता है. इससे शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा.
Also Read: झारखंड के 1.95 लाख से अधिक लोगों का वोट रद्दी, इन 3 गलतियों के कारण ‘लोकतंत्र के महापर्व’ पर लगा दाग
शिक्षा और खेल बुनियादी प्राथमिकता
नौशीन खान ने कहा कि जुगसलाई में फिलहाल 10वीं तक के ही स्कूल उपलब्ध हैं. उनकी कोशिश होगी कि स्कूलों को प्लस टू तक अपग्रेड कराया जाए, ताकि बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए बाहर न जाना पड़े. इसके साथ ही खेल मैदानों की कमी को दूर करने, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग वॉकिंग ट्रैक विकसित करने की योजना भी उनके एजेंडे में शामिल है.
नशा मुक्ति और रोजगार पर खास जोर
क्षेत्र में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए चेयरमैन ने कहा कि हर वार्ड में “मोहल्ला कमेटी” का गठन किया जाएगा. इसके साथ ही जुगसलाई में एक समर्पित नशा मुक्ति केंद्र खोलने की दिशा में ठोस पहल की जायेगी. युवाओं को रोजगार से जोड़ने और महिलाओं को स्किल ट्रेनिंग देकर आत्मनिर्भर बनाने को भी उन्होंने अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में बताया.
सफाई, जल निकासी और स्ट्रीट लाइट का पुख्ता सिस्टम
सफाई को बड़ी चुनौती बताते हुए नौशीन खान ने कहा कि कचरे के प्रतिदिन उठाव और उसके वैज्ञानिक निस्तारण के लिए स्थायी सिस्टम बनाया जायेगा. कचरा रीसाइक्लिंग को लेकर भी बड़े स्तर पर योजना तैयार की जाएगी. साथ ही गलियों में स्ट्रीट लाइट, पेयजल संकट और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने का भरोसा भी उन्होंने दिया.
अनुभव बना ताकत
पहली बार चुनाव जीतने के बावजूद नौशीन खान खुद को राजनीति में नया चेहरा नहीं मानतीं. उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से अपने पति हिदायतुल्लाह खान के सामाजिक और राजनीतिक कार्यों से जुड़ी रही हैं और उनकी अनुपस्थिति में जनसमस्याओं का समाधान करती रही हैं. चुनाव के दौरान स्टेशन रोड, आरपी पटेल स्कूल रोड, धर्मशाला रोड, मारवाड़ी पाड़ा, रामटेकरी और गौरी शंकर रोड समेत कई इलाकों में जनता से मिले स्नेह को उन्होंने अपनी ऐतिहासिक जीत की सबसे बड़ी वजह बताया.
Also Read: झारखंड निकाय चुनाव: BJP को ‘अपने’ ही पड़े भारी, बागियों ने धूल चटाई, जमीनी हकीकत नहीं भांपी पार्टी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










