East Singhbhum News : 25 छात्रों की बोर्ड परीक्षा छूटी, भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर शिक्षकों को खरी-खोटी सुनायी
गालूडीह. राजकीय मध्य विद्यालय सालबनी के 25 विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है. रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं होने के कारण छात्रों का एडमिट कार्ड जारी नहीं हुआ. वे आठवीं बोर्ड की परीक्षा देने से वंचित रह गये. इससे सालबनी, कोड़िया, बांधडीह, आमचुड़िया और छोटाकुर्शी गांव के विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में आक्रोश है. अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर शिक्षकों को खरी-खोटी सुनायी. उन्होंने मांग की है कि शिक्षा विभाग एक महीने के भीतर विशेष परीक्षा आयोजित करे ताकि बच्चों का साल बर्बाद न हो. अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल ने इस समस्या के बारे में उन्हें पहले कोई जानकारी नहीं दी और न ही फरवरी में कोई बैठक बुलायी गयी.
समय पर फॉर्म जमा करने के बाद भी नहीं हुआ रजिस्ट्रेशन:
अभिभावकों का आरोप है कि बच्चों ने समय रहते कंप्यूटर शिक्षक सौरभ सिंह के पास रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर दिया था. ऑनलाइन फॉर्म सबमिट करने की अंतिम तिथि 16 जनवरी 2026 थी, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने इसे समय पर सबमिट नहीं किया. अभिभावकों ने कहा कि शिक्षकों की इस सुस्ती ने बच्चों के साल भर की मेहनत पर पानी फेर दिया है. कई बच्चे इतने दुखी हैं कि उन्होंने खाना-पीना तक छोड़ दिया है.पोर्टल स्लो होने से हुई समस्या : एचएम
विद्यालय के एचएम बलराम हेंब्रम ने कहा कि कक्षा में कुल 62 विद्यार्थी हैं, जिनमें से केवल 37 का रजिस्ट्रेशन हो पाया और 30 ने परीक्षा दी. उन्होंने पोर्टल स्लो होने और रजिस्ट्रेशन के लिए कम समय मिलने को मुख्य कारण बताया. एचएम ने आश्वासन दिया कि जैक के नियमानुसार रिजल्ट के बाद वंचित विद्यार्थियों के लिए विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसके लिए विभाग को लिखित जानकारी दे दी गयी है.आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए