एक माह से लापता थी बबली, गोगाजोड़ जंगल में मिला कंकाल; प्रेमी गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

जानकारी देते अधिकारी. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

दो साल के प्रेम संबंध का खूनी अंत. गोगाजोड़ जंगल में महिला का कंकाल मिला, प्रेमी गिरफ्तार. पुलिस को हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, गोपीकांदर: गोपीकांदर थाना क्षेत्र के सुरुजोड़ीह पंचायत अंतर्गत गोगाजोड़ जंगल से महिला का कंकाल मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. पुलिस ने मौके से कंकाल के बिखरे अवशेष बरामद कर कब्जे में ले लिये हैं. मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसे मृतका का प्रेमी बताया जा रहा है.

विज्ञापन

थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत ने बताया कि बरामद अवशेषों को वैज्ञानिक जांच के लिए रांची स्थित फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

कपड़े और आधार कार्ड से हुई बबली मुर्मू की पहचान

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से मिले कपड़ों और आधार कार्ड के आधार पर कंकाल की पहचान बबली मुर्मू के रूप में की गयी है. मृतका के भाई संदीप मुर्मू ने भी पहचान की पुष्टि की है.

पुलिस अब कंकाल के अवशेषों की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मामले में कई महत्वपूर्ण तथ्यों की पुष्टि होने की संभावना है.

दो साल से प्रेम संबंध, विवाद के बाद लापता हुई थी महिला

परिजनों के अनुसार, बबली मुर्मू का पिछले करीब दो वर्षों से महेशपुर थाना क्षेत्र के निवासी पोलूश टुडू के साथ प्रेम संबंध था.

बताया गया कि करीब एक माह पहले दोनों के बीच फोन पर विवाद और गाली-गलौज हुई थी. परिजनों का कहना है कि विवाद के अगले ही दिन बबली घर से लापता हो गयी. काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला.

मोबाइल पर प्रेमी ने उठाया फोन, पुलिस को हुआ शक

जांच के दौरान परिजनों ने बबली के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया. पुलिस के अनुसार, फोन पोलूश टुडू ने उठाया. बबली के बारे में पूछे जाने पर उसके जवाब पुलिस को संदिग्ध लगे.

इसके बाद गोपीकांदर पुलिस महेशपुर थाना क्षेत्र के काशियाडंगाल गांव पहुंची और पोलूश टुडू से पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी.

8 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए गोपीकांदर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. पुलिस ने करीब 8 घंटे के भीतर पोलूश टुडू को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने आरोपी के पास से मृतका का सिल्वर रंग का रियलमी कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया. मोबाइल को विधिवत सील कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया.

इसके बाद आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. आरोपी को केंद्रीय कारा, दुमका भेजे जाने की जानकारी पुलिस ने दी है.

हत्या में इस्तेमाल हथियार अभी बरामद नहीं

थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत ने बताया कि पुलिस को अब तक हत्या में इस्तेमाल किये गये हथियार की बरामदगी नहीं हो सकी है. पुलिस हथियार की तलाश के साथ मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.

कंकाल के अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है. जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों और मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola