13 सितंबर को हरियाड़ पूजा का फैसला, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर जताया शोक
शोक जताते दिशोम मांझी थान आर जाहेर थान समिति के सदस्य. | Prabhat Khabar Network
दिशोम मांझी थान आर जाहेर थान समिति ने 13 सितंबर को हरियाड़ पूजा मनाने का फैसला लिया है. बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि भी दी गई.
संवाददाता, दुमका. दिशोम मांझी थान आर जाहेर थान समिति की महत्वपूर्ण बैठक दिशोम मांझी बाबा बीनीलाल टुडू के नेतृत्व में हुई. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 13 सितंबर रविवार को दिशोम जाहेर थान में पारंपरिक तरीके के साथ हरियाड़ पूजा का आयोजन किया जाएगा.
आपके शहर में
सुबह 8 बजे होगी पूजा, पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचेंगे अनुयायी
मांझी बाबा बीनीलाल टुडू ने बताया कि 13 सितंबर को सुबह 8 बजे दिशोम नायकी बाबा सीताराम सोरेन के नेतृत्व में विधि-विधान के साथ हरियाड़ पूजा संपन्न होगी. उन्होंने सभी मरांग बुरु अनुयायियों से निर्धारित समय पर पारंपरिक वेशभूषा में पूजा स्थल पर पहुंचने की अपील की.
शोकसभा में दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू को दी श्रद्धांजलि
बैठक के दौरान समिति की ओर से शोकसभा का भी आयोजन किया गया. इसमें झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया. समिति के सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखा और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
शिक्षा व झारखंड के विकास में योगदान को किया याद
मांझी बाबा बीनीलाल टुडू ने सुदिव्य कुमार सोनू के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने झारखंड के विकास में अहम भूमिका निभायी. उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभागों की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने छात्रहित और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार प्रयास किया. उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा.
समिति के कई सदस्य रहे मौजूद
बैठक में टेकलाल मरांडी, रामप्रसाद हांसदा, मोहन टुडू, इंद्रजीत हेंब्रम, नाजीर हेंब्रम, प्रेम हांसदा, सुभाष किस्कू, शिवकांत मुर्मू, शिवशंकर सोरेन, सुनील मरांडी, मनोज मरांडी, सोनेलाल मुर्मू, सुनील टुडू, पकू हेंब्रम, नीला हेंब्रम, सुंदरमुनी मुर्मू, झुमरी सोरेन सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए