जरमुंडी में ज्वेलरी दुकानों पर पुलिस की पैनी नजर, CCTV-अलार्म से सुरक्षा पुख्ता करने की हिदायत
जरमुंडी में बैठक करते एसडीपीओ नवल किशोर सिंह, पुलिस निरीक्षक दयानंद साह एवं अन्य | Prabhat Khabar Network
जरमुंडी में ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने अहम बैठक की. दुकानदारों को सीसीटीवी कैमरे लगाने, अलार्म सिस्टम सक्रिय रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.
प्रतिनिधि, बासुकिनाथ. जरमुंडी अनुमंडल कार्यालय में अगस्त माह की अपराध गोष्ठी के साथ ज्वेलरी दुकान संचालकों की सुरक्षा संबंधी बैठक हुई. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवल किशोर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित अपराध गोष्ठी में अनुमंडल क्षेत्र में अगस्त माह के दौरान हुई विभिन्न आपराधिक घटनाओं की समीक्षा की गयी. साथ ही अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को प्रभावी बनाने को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.
आपके शहर में
गश्ती बढ़ाने और संदिग्धों पर नजर रखने का निर्देश
बैठक में क्षेत्र की अपराध स्थिति, लंबित मामलों और सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर चर्चा की गयी. एसडीपीओ ने पुलिस अधिकारियों को नियमित गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. उन्होंने लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने को भी कहा.
ज्वेलरी दुकानों में सीसीटीवी और अलार्म पर जोर
अपराध गोष्ठी के बाद क्षेत्र के ज्वेलरी दुकान संचालकों के साथ विशेष सुरक्षा बैठक की गयी. एसडीपीओ ने दुकानदारों को गुणवत्तापूर्ण सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें लगातार चालू रखने की सलाह दी. साथ ही दुकानों में अलार्म सिस्टम लगाने और आसपास संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया.
दुकान खोलने-बंद करने के समय विशेष सतर्कता
एसडीपीओ ने कहा कि ज्वेलरी दुकानों में बड़ी मात्रा में कीमती आभूषण और नकदी रहती है. ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने दुकान खोलने और बंद करने के समय विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा.
पुलिस और कारोबारियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
एसडीपीओ नवल किशोर सिंह ने दुकानदारों से सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं और सुझाव भी सुने. उन्होंने कहा कि पुलिस और व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है. दुकानदारों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव पुलिस के समक्ष रखे तथा सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग का भरोसा दिया.
बैठक में पुलिस निरीक्षक दयानंद साह सहित क्षेत्र के ज्वेलरी दुकान संचालक और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए