दो दिनों तक बंद रहा स्कूल, आश्वासन के बाद राजी हुए ग्रामीण तब जाकर खुला लकड़ाघाटी उर्दू विद्यालय
स्कूल पहुंचे बच्चे | Prabhat Khabar Network
ग्रामीणों के हंगामे और स्कूल में ताला लगने के दो दिन बाद, उत्क्रमित मध्य विद्यालय लकड़ाघाटी उर्दू रविवार को फिर खुल गया. बच्चे स्कूल लौटे और मध्यान्ह भोजन भी बनना शुरू हुआ.
दो दिन बाद स्कूल पहुंचने लगे बच्चे
रानीश्वर : ग्रामीणों के हंगामे और स्कूल में ताला जड़कर कार्यालय कक्ष, रसोई घर व स्टोर रूम को वेल्डिंग से सील किये जाने के दो दिन बाद रविवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय लकड़ाघाटी उर्दू खुल गया. स्कूल खुलते ही बच्चे पहुंचे और उनके लिए एमडीएम बनना भी शुरू हुआ. प्रभारी प्रधानाध्यापक अब्दुल कलाम ने बताया कि रविवार को बच्चे स्कूल पहुंचे तथा बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन बनना भी शुरू किया गया.
आपके शहर में

तीन पारा शिक्षिकाओं के भरोसे चल रहा स्कूल
विद्यालय में कक्षा पहली से आठवीं तक 194 बच्चों का नामांकन है. यहां सरकारी शिक्षकों का पद रिक्त है और तीन पारा शिक्षिकाओं के भरोसे स्कूल चल रहा है. शुक्रवार को यहां साप्ताहिक अवकाश रहता है, जबकि रविवार को स्कूल खुला रहता है.
संयोजिका पर आरोप के बाद ग्रामीणों ने किया था हंगामा
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को स्कूल की संयोजिका पर मध्यान्ह भोजन के लिए बना बचा हुआ खाना तथा अन्य सामग्री स्कूल से घर ले जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर हंगामा किया था. ग्रामीणों ने पदस्थापित पारा शिक्षिकाओं पर बच्चों को ठीक से पढ़ाई नहीं कराने और देखभाल नहीं करने का आरोप भी लगाया था. गुस्साये ग्रामीणों ने स्कूल में ताला जड़ दिया था तथा वेल्डिंग मशीन से कार्यालय कक्ष, रसोई घर और स्टोर रूम को सील कर दिया था.
अधिकारियों से वार्ता के बाद बनी सहमति
ताला और वेल्डिंग की सूचना पर शुक्रवार को बीइइओ सह बीआरसी समन्यक एस्थेर मुर्मू, बीपीओ मोहन ठाकुर पुलिस बल के साथ स्कूल पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर ताला खोलवाने और सील तोड़वाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण तीनों पारा शिक्षिकों, संयोजिका और स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष को हटाने की मांग पर अडिग रहे. पदाधिकारी वापस लौट गये.
तीनों पारा शिक्षिकाओं को बदलने का मिला आश्वासन
शाम को बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा की उपस्थिति में बीडीओ कार्यालय कक्ष में बीइइओ सह बीआरसी समन्यक एस्थेर मुर्मू, थाना प्रभारी त्रिपुरारी कुमार आदि की मौजूदगी में ग्रामीणों और प्रभारी प्रधानाध्यापक के साथ वार्ता हुई. तीनों पारा शिक्षिकाओं को बदले जाने तथा प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई किये जाने का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण राजी हुए.
रविवार से फिर शुरू हुआ स्कूल
बीडीओ कार्यालय पहुंचने से पहले गांव के अफताब बेगम की पहल पर ग्रामीणों ने स्कूल का ताला और वेल्डिंग खोल दिया था. इसके बाद रविवार से स्कूल चालू कर दिया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए