परीक्षा से काउंसलिंग तक सब पूरा, अब नियुक्ति पत्र का इंतजार : विधायक से लगाई गुहार
विधायक को आवेदन सौंपते प्रतिनिधिमंडल | Prabhat Khabar Network
झारखंड माध्यमिक आचार्य परीक्षा 2025 के सफल अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र जारी कराने की मांग को लेकर विधायक से मिले. परीक्षा, परिणाम और काउंसलिंग पूरी होने के बावजूद नियुक्ति में हो रहे विलंब से अभ्यर्थियों में निराशा है.
काठीकुंड : झारखंड माध्यमिक आचार्य परीक्षा 2025 के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विषय में सफल अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र शीघ्र जारी कराने की मांग को लेकर शिकारीपाड़ा विधायक आलोक कुमार सोरेन को आवेदन सौंपा है. अभ्यर्थियों ने नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के लिए जनप्रतिनिधियों से पहल करने का आग्रह किया है.
परीक्षा और परिणाम की प्रक्रिया पूरी
अभ्यर्थियों ने बताया कि झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित माध्यमिक आचार्य परीक्षा की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अंतिम परीक्षा परिणाम भी जारी किया जा चुका है. इसमें संताली, मुंडारी, हो, कुड़ुख, खोरठा, कुरमाली, नागपुरी, पंचपरगनिया, उर्दू, बांग्ला एवं उड़िया समेत जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विषयों के अभ्यर्थी सफल हुए हैं.
काउंसलिंग भी हो चुकी है पूरी
आवेदन में कहा गया है कि सफल अभ्यर्थियों के कागजात का सत्यापन भी पूरा हो चुका है. वहीं माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से 7, 8 एवं 9 जुलाई 2026 को काउंसलिंग की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है. इसके बावजूद अब तक जिला आवंटन एवं नियुक्ति पत्र जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में निराशा है.
नियुक्ति में विलंब से परेशानी
अभ्यर्थियों ने कहा कि जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण और सरकारी विद्यालयों में इन भाषाओं की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों की नियुक्ति जरूरी है. नियुक्ति में विलंब होने से एक ओर जहां विद्यालयों में पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है, वहीं दूसरी ओर लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे सफल अभ्यर्थी मानसिक एवं आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे हैं.
शीघ्र जिला आवंटन की मांग
अभ्यर्थियों ने विधायक आलोक कुमार सोरेन एवं सांसद नलिन सोरेन से आग्रह किया कि संबंधित विभाग के स्तर पर पहल करते हुए सफल अभ्यर्थियों का शीघ्र जिला आवंटन कराकर नियुक्ति पत्र वितरण की प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग करें.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए