SKMU के नाम पर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट चलाने वालों पर कसेगा शिकंजा
सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोशल मीडिया पर विश्वविद्यालय के नाम से चल रहे अनाधिकृत ग्रुपों और फर्जी अकाउंट्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की घोषणा की है। विश्वविद्यालय ने छात्रों, शिक्षकों और आम जनता को ऐसे किसी भी ग्रुप से दूर रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने का निर्देश दिया है.
दुमका : सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विश्वविद्यालय के नाम से चल रहे अनाधिकृत ग्रुपों और फर्जी पब्लिक अकाउंट्स को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से एक सार्वजनिक सूचना जारी कर ऐसे ग्रुप्स और अकाउंट्स को तुरंत डिलीट करने का निर्देश दिया गया है, साथ ही आदेश की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
आपके शहर में
विश्वविद्यालय के नाम का हो रहा दुरुपयोग
कुलपति के आदेशानुसार कुलसचिव डॉ अब्दुस सत्तार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, संज्ञान में आया है कि फेसबुक, व्हाट्सएप, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम आदि सोशल मीडिया माध्यमों पर "सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका" के नाम का दुरुपयोग करते हुए कई फर्जी ग्रुप और पब्लिक अकाउंट चलाए जा रहे हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ये ग्रुप व अकाउंट विश्वविद्यालय द्वारा अधिकृत नहीं हैं.
छात्रों और शिक्षकों को किया सचेत
विश्वविद्यालय ने छात्रों, शिक्षकों एवं आम जनता को सचेत करते हुए निर्देश दिया है कि ऐसे किसी भी अनाधिकृत ग्रुप या पब्लिक अकाउंट के संचालक उसे तत्काल प्रभाव से डिलीट या बंद करें. छात्र-छात्राएं और शिक्षक ऐसे ग्रुपों के सदस्य न बनें और न ही उन पर प्रसारित होने वाली किसी भी सूचना पर विश्वास करें तथा सोशल मीडिया पर ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत विश्वविद्यालय प्रशासन को दें.
उल्लंघन पर होगी कानूनी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक सूचना के बाद भी यदि कोई व्यक्ति अनाधिकृत ग्रुप या अकाउंट संचालित करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. आधिकारिक सूचनाओं के लिए केवल विश्वविद्यालय की अधिकृत वेबसाइट skmu.ac.in पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए