PJMCH में मरीजों की भागदौड़ होगी खत्म, सभी ओपीडी एक ही परिसर में लाने की तैयारी तेज
अस्पताल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश देते उपायुक्त अभिजीत सिन्हा | Prabhat Khabar Network
दुमका के फूलों झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सभी विभागों की ओपीडी को एक ही छत के नीचे लाने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है. मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए साइनेज, क्यू मैनेजमेंट सिस्टम और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है. ब्लड बैंक को भी जल्द शिफ्ट किया जाएगा.
दुमका : दुमका के दिग्घी स्थित नवनिर्मित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PJMCH) में सभी विभागों की ओपीडी को एक ही परिसर में शिफ्ट करने की तैयारी तेज हो गयी है. बचे हुए विभागों की ओपीडी शुरू होने से पहले मरीजों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है. शनिवार को उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने PJMCH के ओपीडी भवन और परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को ओपीडी संचालन से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को इलाज के लिए अनावश्यक भाग-दौड़ नहीं करनी पड़े.

साइनेज और क्यू मैनेजमेंट सिस्टम पर जोर
उपायुक्त ने ओपीडी भवन में ऑर्थोपेडिक्स, गायनेकोलॉजी समेत विभिन्न विभागों के लिए तैयार ओपीडी और वार्ड का निरीक्षण किया. उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पताल में प्रवेश करते ही मरीजों और उनके परिजनों को संबंधित विभाग और फ्लोर की स्पष्ट जानकारी मिले. इसके लिए पर्याप्त संख्या में साइनेज लगाने को कहा. मरीजों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए क्यू मैनेजमेंट सिस्टम को प्रभावी तरीके से संचालित करने और उसका डेमो तैयार रखने का निर्देश दिया गया. बिजली, पानी और जनरेटर समेत तकनीकी सेवाओं से जुड़े कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने को भी कहा गया.

PJMCH में शिफ्ट होगा ब्लड बैंक
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ब्लड बैंक के लिए निर्धारित क्षेत्र का जायजा लिया. उन्होंने ब्लड बैंक को दिग्घी स्थित PJMCH में शिफ्ट करने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने तथा आवश्यक लाइसेंस संबंधी कार्रवाई शीघ्र करने का निर्देश दिया. ओपीडी संचालन के लिए पैरामेडिकल स्टाफ, विभागाध्यक्ष, असिस्टेंट प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर समेत आवश्यक मानव संसाधन की प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया भी जारी है.
मोबाइल नेटवर्क और सड़क व्यवस्था भी होगी दुरुस्त
अस्पताल परिसर में मोबाइल नेटवर्क की समस्या को देखते हुए उपायुक्त ने सामान्य शाखा प्रभारी को मोबाइल टावर अधिष्ठापन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया. अस्पताल पहुंचने वाली सड़क के निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई और सड़क की मरम्मत कराने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि ओपीडी संचालन से पहले अस्पताल में सभी आवश्यक मशीन, उपकरण और अन्य व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार रहें, ताकि मरीजों को इलाज, जांच और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकना न पड़े. मौके पर सहायक समाहर्ता अवनीश कुमार सिंह, फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्राचार्य डॉ गजेंद्र सिंह, अधीक्षक डॉ रूबेन हेंब्रम, सिविल सर्जन समेत संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए