पेंशनरों की मांगों को लेकर सांसदों पर दबाव बनाने की तैयारी, गोड्डा सांसद से मिलेगा पेंशनर समाज
पेंशनर समाज की बैठक में उपस्थित पेंशनर | Prabhat Khabar Network
झारखंड पेंशनर समाज की बैठक में पेंशनरों की मांगों को लेकर सक्रियता दिखाई गई. संगठन ने वैलिडेशन एक्ट को वापस लेने के लिए सांसदों पर दबाव बनाने का फैसला किया है, जिसमें गोड्डा सांसद से मुलाकात भी शामिल है.
हंसडीहा : झारखंड राज्य पेंशनर समाज की आंचल शाखा सरैयाहाट की बैठक हंसडीहा स्थित कौशल्या भवन में प्रखंड अध्यक्ष बालकिशोर कापरी की अध्यक्षता में हुई. बैठक में मुख्य अतिथि जिला सचिव सह राज्य प्रतिनिधि तारिणी प्रसाद कामत उपस्थित थे. पेंशनर समाज की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत कर सम्मानित किया गया.

वैलिडेशन एक्ट वापस लेने की मांग
जिला सचिव ने संगठन की वर्तमान गतिविधियों और केंद्रीय संगठन के निर्देशों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि पेंशनरों की मांगों को लेकर क्षेत्र के सांसदों से मिलकर वैलिडेशन एक्ट वापस लेने के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है.
गोड्डा सांसद से मिलने का निर्णय
बैठक में निर्णय लिया गया कि एक-दो दिनों के अंदर गोड्डा सांसद से मिलकर पेंशनरों की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा तथा प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने का प्रस्ताव रखा गया.
कुरुक्षेत्र में होगी सामान्य परिषद की बैठक
प्रखंड अध्यक्ष बालकिशोर कापरी ने बताया कि राष्ट्रीय कमेटी की ओर से 31 अक्टूबर 2026 को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सामान्य परिषद की बैठक बुलाई गई है. इसमें दुमका जिले के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे.
सदस्यता अभियान की धीमी गति पर चिंता
कोषाध्यक्ष उदेश्वर प्रसाद सिंह ने कोष का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और सदस्यता अभियान की धीमी गति पर चिंता जताई. उपाध्यक्ष सतनारायण यादव व नरेश चंद्र मंडल ने संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया. सचिव राजेंद्र प्रसाद मंडल ने उपस्थित पेंशनरों के प्रति आभार जताया.
काफी संख्या में पेंशनर रहे मौजूद
मौके पर वासुदेव प्रसाद मंडल, मुन्नी देवी, मलिक दास, हरिमोहन मंडल, विनोद कुमार, घनश्याम मंडल, ताराचंद्र मंडल, अनिल कुमार यादव, बिंदु प्रसाद यादव, अशोक कुमार झा, फ्रांसिसका केसी, झुन्नु सरकार, मीना सिंह, कौशल्या देवी, जगदीश झा, राजवंशी यादव, फिरोज अंसारी समेत काफी संख्या में पेंशनर मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए