रानीश्वर के पहाड़िया टोले तक पहुंचेगी पक्की सड़क,5.82 किमी की तीन योजनाओं का शिलान्यास
चापुड़िया में सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास करते सांसद | Prabhat Khabar Network
रानीश्वर में 5.82 किमी की तीन सड़कों का शिलान्यास. पहाड़िया समुदाय की यातायात समस्या होगी दूर.
प्रतिनिधि, रानीश्वर. सांसद नलिन सोरेन ने मंगलवार को पीएम जन-मन योजना के तहत बनने वाली 5.82 किलोमीटर लंबी तीन सड़कों का शिलान्यास किया. उन्होंने सबसे पहले धानभाषा पंचायत के चापुड़िया संताल टोला में चापुड़िया से वनपाड़ा तक बनने वाली 2.55 किलोमीटर लंबी सड़क का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया.
आपके शहर में
गांव तक पक्की सड़क बनने से दूर होगी परेशानी
मौके पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय के लोगों की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए लगातार पहल कर रही है. गांव तक पक्की सड़क बन जाने से ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी.
उन्होंने ग्रामीणों से सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर नजर रखने की अपील की. सांसद ने कहा कि विभागीय अभियंता समय-समय पर निर्माण कार्य की निगरानी करेंगे. इसके साथ ही ग्रामीणों को भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर ध्यान देना चाहिए.
तीन स्थानों पर हुआ सड़क निर्माण का शिलान्यास
इसके बाद सांसद ने सुखजोड़ा के नौरंगी गांव में पीएमजीएसवाई रोड से नौरंगी तक बनने वाली 2.25 किलोमीटर लंबी सड़क का शिलान्यास किया.
अंत में बांसकुली पंचायत में पीएमजीएसवाई रोड से कुमिरखाला पहाड़िया टोला तक बनने वाली 1.02 किलोमीटर लंबी सड़क का शिलान्यास किया गया.
तीनों सड़क निर्माण कार्य ग्रामीण कार्य विभाग, दुमका प्रमंडल की देखरेख में कराया जायेगा.
जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी रहे मौजूद
शिलान्यास के मौके पर ग्रामीण कार्य विभाग के सहायक अभियंता गुपीनंदन टुडू, कनीय अभियंता सौगत मांझी, जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष बाबुजान हेंब्रम, टिंकू लाहा, लिखन मुर्मू, अर्जुन मंडल, दिलीप साहा, कयूम अंसारी, जीशु वास्की, महेंद्र सोरेन, शैलेन किस्कू समेत संबंधित पंचायतों के मुखिया और ग्रामीण मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए