दिगलपहाड़ी डैम की राह में गड्ढों का जाल,बारिश में तालाब बनी सड़क, पर्यटक भी परेशान
आसनबनी दिगलपहाड़ी की जर्जर सड़क | Prabhat Khabar Network
बारिश में तालाब बनी दिगलपहाड़ी डैम की सड़क पर चलना हुआ मुश्किल. पर्यटक और ग्रामीण परेशान, जल्द मरम्मत की मांग.
रानीश्वर : रघुनाथपुर-बरमसिया पथ से आसनबनी बाजार होते हुए पर्यटन स्थल दिगलपहाड़ी डैम तक जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाली की मार झेल रही है. बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी जमा हो गया है, जिससे सड़क तालाब जैसी नजर आने लगी है. सबसे खराब स्थिति आसनबनी दुर्गा मंदिर से चापुड़िया संताल टोला तक बनी हुई है. सड़क की जर्जर हालत से ग्रामीणों के साथ-साथ दिगलपहाड़ी डैम पहुंचने वाले पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
आपके शहर में
गड्ढों में तब्दील सड़क, आवागमन मुश्किल
आसनबनी बाजार से चापुड़िया, वनपाड़ा, रेशमा और दिगलपहाड़ी समेत आसपास के कई गांवों के लोगों का प्रतिदिन इसी सड़क से आवागमन होता है. सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण दोपहिया और छोटे वाहनों को काफी सावधानी से गुजरना पड़ता है. बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है. ऐसे में वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है.
सांसद का काफिला भी इसी जर्जर सड़क से गुजरा
मंगलवार को सांसद नलीन सोरेन का काफिला भी इसी जर्जर सड़क से होकर चापुड़िया संताल टोला पहुंचा था. यहां उन्होंने चापुड़िया-वनपाड़ा सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. सांसद के दौरे के दौरान भी सड़क की बदहाल स्थिति लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही.
पर्यटकों के लिए भी परेशानी का सबब
दिगलपहाड़ी डैम क्षेत्र का प्रमुख पर्यटन स्थल है. आसनबनी बाजार से पर्यटक इसी सड़क के रास्ते डैम तक पहुंचते हैं. सड़क खराब होने के कारण पर्यटकों को भी परेशानी होती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क का मजबूतीकरण कर दिया जाए, तो दिगलपहाड़ी डैम तक आवागमन सुगम होने के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
जल्द मजबूतीकरण का विभाग ने दिया भरोसा
स्थानीय लोगों ने सड़क की जर्जर स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द मजबूतीकरण कराने की मांग की है. इस संबंध में ग्रामीण कार्य विभाग के सहायक अभियंता गुपीनंदन टुडू और कनीय अभियंता सौगत मांझी ने बताया कि सड़क के जल्द मजबूतीकरण का प्रयास किया जायेगा. विभाग के कनीय अभियंता द्वारा सड़क का सर्वे पहले ही किया जा चुका है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए