जम्मू कमाने निकले मजदूर की ट्रेन से गिरकर मौत, ठेकाहा गांव में मचा कोहराम
मृतक के घर के बाहर रोते-बिलखते पत्नी व परिवार के सदस्य | Prabhat Khabar Network
मजदूरी की तलाश में जम्मू जा रहे 50 वर्षीय अधेड़ मजदूर शीतल हांसदा की ट्रेन से गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गई. वह परिवार के अकेले कमाने वाले सदस्य थे, जिनकी मौत से घर पर गहरा सदमा है.
मसलिया : मसलिया प्रखंड की हाड़ोरायडीह पंचायत अंतर्गत ठेकाहा गांव निवासी अधेड़ मजदूर शीतल हांसदा (50) की ट्रेन से कटकर मौत हो गयी. हादसा सोमवार को मधुपुर क्षेत्र के मदनपुर के आसपास हुआ. शीतल हांसदा आसपास के गांवों के अन्य मजदूरों के साथ मजदूरी करने जम्मू जा रहे थे. हादसे की सूचना मिलते ही ठेकाहा गांव में मातम पसर गया.

मजदूरी करने जम्मू जा रहे थे शीतल हांसदा
जानकारी के अनुसार, शीतल हांसदा मेट के नेतृत्व में मजदूर साथियों के साथ जम्मू में मजदूरी करने के लिए निकले थे. उनके साथ शिवकोल गांव के चार अन्य मजदूर भी जा रहे थे. सभी मजदूर देवघर-जसीडीह रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे. ट्रेन मधुपुर स्टेशन पार कर मदनपुर के आसपास पहुंची थी. इसी दौरान शीतल हांसदा किसी कारणवश ट्रेन से उतरने का प्रयास करने लगे. उतरने के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे ट्रेन की चपेट में आ गये. हादसे में उनके दोनों पैर कट गये और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी.
रेलवे पुलिस ने परिजनों को दी सूचना
घटना की सूचना रेलवे पुलिस ने परिजनों को दी. रेलवे पुलिस की ओर से दुमका एसपी को भी घटना की जानकारी दी गयी. दुमका एसपी के माध्यम से मसलिया थाना पुलिस को घटना की सूचना मिली. इसके बाद मसलिया पुलिस ठेकाहा गांव पहुंची और मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
शव का पोस्टमार्टम सोमवार देर रात देवघर में कराया गया. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया. मंगलवार को शव ठेकाहा गांव पहुंचा. शव पहुंचते ही परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे. बाद में ग्रामीणों की मौजूदगी में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया.
परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था शीतल
मृतक की बेटी सुनीता हांसदा ने बताया कि उनके पिता परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे. वे मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी अचानक मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है. शीतल हांसदा अपने पीछे पत्नी तुलसी हेंब्रम, बेटा शिवलाल हांसदा और बेटी सुनीता हांसदा को छोड़ गये हैं. पति की मौत की खबर के बाद पत्नी तुलसी हेंब्रम का रो-रोकर बुरा हाल है.
मजदूरी के लिए निकले थे, रास्ते में चली गयी जान
शीतल हांसदा की मौत से परिजनों के साथ-साथ ग्रामीण भी सदमे में हैं. ग्रामीणों ने बताया कि परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाला शीतल मजदूरी के लिए जम्मू जा रहा था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उसकी जान ले ली
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए