दौड़ से गोला फेंक तक दिखा खेल कौशल, गोपीकांदर में खिलाड़ियों ने मारी बाजी
खेलो झारखंड के तहत दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन. | Prabhat Khabar Network
गोपीकांदर ब्लॉक मैदान में खेलो झारखंड के तहत दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ. अंडर-17 बालक-बालिकाओं ने एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और मेडल जीते.
गोपीकांदर : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार तथा जिला शिक्षा अधीक्षक सह अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, झारखंड शिक्षा परियोजना, दुमका के मार्गदर्शन में मंगलवार को खेलो झारखंड के तहत दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ ब्लॉक मैदान, गोपीकांदर में हुआ. प्रतियोगिता में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.
अंडर-17 खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स में दिखायी प्रतिभा
प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-17 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गयीं. इनमें 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद तथा गोला फेंक प्रतियोगिता शामिल रही. खेल मैदान में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया.

100 मीटर में अजय मरांडी और प्रेतशिला प्रथम
100 मीटर बालक वर्ग में 2 हाई स्कूल गोपीकांदर के अजय मरांडी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं बालिका वर्ग में प्रोजेक्ट हाई स्कूल कारूडीह की प्रेतशिला मरांडी प्रथम रहीं.
200 मीटर में सामुएल सोरेन और सुमित्रा मुर्मू विजेता
200 मीटर बालक वर्ग में उत्क्रमित उच्च विद्यालय कारूडीह के सामुएल सोरेन ने तथा बालिका वर्ग में प्रोजेक्ट हाई स्कूल कारूडीह की सुमित्रा मुर्मू ने प्रथम स्थान हासिल किया.

400 और 800 मीटर में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी
400 मीटर बालक वर्ग में मध्य विद्यालय दुर्गापुर के अनुरंजन हेंब्रम प्रथम रहे, जबकि बालिका वर्ग में प्रोजेक्ट हाई स्कूल कारूडीह की प्रिनशिला मरांडी ने बाजी मारी. 800 मीटर बालक वर्ग में मध्य विद्यालय दुर्गापुर के नाजिर हांसदा तथा बालिका वर्ग में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की सुनीता मुर्मू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया.
गोला फेंक में सामुएल और सुनीता हांसदा प्रथम
गोला फेंक प्रतियोगिता के बालक वर्ग में सामुएल सोरेन तथा बालिका वर्ग में सुनीता हांसदा ने प्रथम स्थान हासिल किया.
मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन पर विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रखंड शिक्षा कार्यक्रम पदाधिकारी मो. समीम प्रवेज ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर तथा मेडल पहनाकर सम्मानित किया.
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रखंड का करेंगे प्रतिनिधित्व
मौके पर प्रखंड शिक्षा कार्यक्रम पदाधिकारी मो. समीम प्रवेज ने कहा कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागी आगामी जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में गोपीकांदर प्रखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे. उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं.
इस अवसर पर शिक्षक दिलीप कुमार किस्कू, आशुतोष बासकी, अनिल हेंब्रम, निरंजन पंडित, शिवकुमार भगत, सविता हेंब्रम सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मी मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए