दुमका-सिउड़ी मुख्य सड़क पर जलजमाव, पाथरा-रानीश्वर के बीच तालाब जैसा नजारा
दुमका-सिउड़ी मुख्य सड़क पर जमा बारिश का पानी | Prabhat Khabar Network
दुमका-सिउड़ी मुख्य सड़क पर जलजमाव से तालाब जैसा नजारा, राहगीरों और वाहन चालकों को हो रही भारी परेशानी. प्रशासन से निकासी की मांग.
प्रतिनिधि, रानीश्वर. बारिश के बाद दुमका-सिउड़ी मुख्य सड़क पर कई जगहों पर जलजमाव की समस्या गंभीर हो गयी है. पाथरा और रानीश्वर बाजार के बीच सड़क पर बारिश का पानी जमा होने से कई स्थानों पर तालाब जैसा नजारा दिखाई दे रहा है. लंबे समय तक सड़क पर पानी जमा रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
आपके शहर में
फुटपाथ ऊंचा होने से सड़क पर ही जमा हो रहा पानी
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क के कुछ हिस्सों में किनारे का फुटपाथ ऊंचा होने के कारण बारिश का पानी सड़क से बाहर नहीं निकल पा रहा है. कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे मोरम और पत्थर का डस्ट डालकर फुटपाथ को ऊंचा कर दिया है. इससे सड़क से पानी की निकासी के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची है और बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जा रहा है.
मुख्य सड़क के अन्य हिस्सों में भी बारिश के बाद काफी देर तक पानी जमा रहता है. जलजमाव के कारण पैदल राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी सावधानी से आवागमन करना पड़ रहा है.
नाली बनाकर पानी निकासी की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन स्थानों पर सड़क पर जलजमाव की समस्या है, वहां सड़क किनारे की मिट्टी काटकर नाली बना दी जाये तो बारिश के पानी की निकासी आसानी से हो सकती है. इससे सड़क पर पानी जमा होने की समस्या भी कम होगी और लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी.
लोगों ने बताया कि लंबे समय तक सड़क पर पानी जमा रहने से सड़क के क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है. लगातार जलजमाव से सड़क की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और आने वाले दिनों में आवागमन की समस्या और बढ़ सकती है.
स्थानीय लोगों ने पथ निर्माण विभाग से जलजमाव वाले स्थानों का निरीक्षण कर बारिश के पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए