दुमका को 329 करोड़ की सौगात: गोविंदपुर-साहिबगंज सड़क होगी 10 मीटर चौड़ी, जानें किन 3 बड़ी परियोजनाओं को मिली मंजूरी.
AI-generated सांकेतिक तस्वीर
पथ निर्माण विभाग दुमका में 329 करोड़ की लागत से तीन बड़ी सड़क और पुल परियोजनाओं पर काम शुरू कर रहा है. इनमें गोविंदपुर-साहिबगंज रोड का चौड़ीकरण, कैराबनी-रानीघाघर पथ का पुनर्निर्माण और सिद्धेश्वरी नदी पर पुल का निर्माण शामिल है. इन योजनाओं से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा.
दुमका : उपराजधानी दुमका में सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में पथ निर्माण विभाग ने बड़ी पहल की है. वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले में करीब 329 करोड़ रुपये की लागत से तीन महत्वपूर्ण सड़क और पुल परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू हो गयी है. पथ निर्माण विभाग की ओर से इन तीनों परियोजनाओं के लिए ई-टेंडर जारी कर दिया गया है.
तीन बड़ी परियोजनाएं
इनमें गोविंदपुर-साहिबगंज एडीबी रोड का चौड़ीकरण, कैराबनी-रानीघाघर पथ का पुनर्निर्माण और सिद्धेश्वरी नदी पर उच्चस्तरीय पुल का निर्माण शामिल है. इन योजनाओं के पूरा होने से दुमका समेत आसपास के इलाकों में आवागमन सुगम होगा और ग्रामीण क्षेत्रों का सड़क संपर्क और बेहतर होगा.
सात से बढ़कर 10 मीटर चौड़ी होगी सड़क
संताल परगना की महत्वपूर्ण गोविंदपुर-साहिबगंज एडीबी रोड (एसएच-18) अब सात मीटर से बढ़कर 10 मीटर चौड़ी होगी. किमी 139.00 से किमी 190.930 तक कुल 51.930 किमी सड़क का चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और पुनर्निर्माण कराया जायेगा. सड़क को पेव्ड शोल्डर युक्त टू-लेन के रूप में विकसित किया जायेगा.
280 करोड़ से होगा काम
इस परियोजना पर 280 करोड़ 47 लाख 58 हजार 431 रुपये खर्च होंगे. निर्माण पूरा करने के लिए दो वर्ष की समय-सीमा तय की गयी है. टेंडर 25 सितंबर को पोर्टल पर जारी होगा. 26 अक्टूबर तक संवेदक बिड जमा कर सकेंगे, जबकि 27 अक्टूबर को तकनीकी निविदा खोली जायेगी.
35 करोड़ से संवरेगा कैराबनी-रानीघाघर पथ
कैराबनी (एसएच-15) से रानीघाघर (एडीबी) पथ के 9.172 किमी हिस्से का चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और पुनर्निर्माण कराया जायेगा. इस पर 35 करोड़ 08 लाख 63 हजार 069 रुपये खर्च होंगे. निर्माण कार्य पूरा करने के लिए नौ माह की समय-सीमा निर्धारित की गयी है.
अक्टूबर में खुलेगी निविदा
निविदा 28 सितंबर को प्रकाशित होगी और 22 अक्टूबर तक बिड जमा की जा सकेगी. सड़क के दुरुस्त होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को जर्जर और संकरे मार्ग से राहत मिलेगी. साथ ही दुमका से आसपास के क्षेत्रों तक आवागमन अधिक सुगम होगा.
सिद्धेश्वरी नदी पर बनेगा हाई लेवल ब्रिज
गुमरो से घासीमरनी (फतेहपुर) भाया गड़ापाथर पथ के 18+255 किमी पर सिद्धेश्वरी नदी पर उच्चस्तरीय पुल का निर्माण कराया जायेगा. इस परियोजना पर 13 करोड़ 48 लाख 93 हजार 731 रुपये खर्च होंगे. पुल का निर्माण दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
22 अक्टूबर तक जमा होगी निविदा
इसके लिए टेंडर 29 सितंबर को पोर्टल पर लाइव होगा और 22 अक्टूबर तक निविदा जमा की जा सकेगी. पुल बनने के बाद बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने से संपर्क बाधित होने की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी.
बेहतर कनेक्टिविटी पर जोर
कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल दुमका आशीष कुमार सिन्हा ने कहा कि तीनों परियोजनाएं क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण हैं. सड़क और पुल की इन योजनाओं से आवागमन बेहतर होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों को भी मजबूत कनेक्टिविटी मिलेगी.
तय समय में गुणवत्तापूर्ण काम का लक्ष्य
विभाग का प्रयास है कि निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण काम कराया जाये. उन्होंने कहा कि गोविंदपुर-साहिबगंज सड़क के चौड़ीकरण से विशेष रूप से बड़े वाहनों और आम लोगों के आवागमन में सुविधा होगी.
एक नजर में तीन बड़ी परियोजनाएं
गोविंदपुर-साहिबगंज एडीबी रोड
- लंबाई : 51.930 किमी
- लागत : 280.47 करोड़ रुपये
- काम : चौड़ीकरण, मजबूतीकरण व पुनर्निर्माण
- समय-सीमा : दो वर्ष
कैराबनी-रानीघाघर पथ
- लंबाई : 9.172 किमी
- लागत : 35.08 करोड़ रुपये
- काम : चौड़ीकरण, मजबूतीकरण व पुनर्निर्माण
- समय-सीमा : नौ माह
सिद्धेश्वरी नदी हाई लेवल ब्रिज
- लागत : 13.48 करोड़ रुपये
- काम : उच्चस्तरीय पुल निर्माण
- समय-सीमा : दो वर्ष
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए