डीएमएफटी की योजनाओं पर डीसी सख्त, 61 स्कूलों में चाहरदिवारी, 13 में क्लासरूम और 23 में ट्वायलेट समय पर पूरा करने का निर्देश
अधिकारियों के साथ डीएमएफटी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते उपायुक्त अभिजीत सिन्हा. | Prabhat Khabar Network
दुमका उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के तहत चल रही योजनाओं की समीक्षा की. उन्होंने पेयजल, स्कूल निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया. तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा न करने वाले संवेदकों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
दुमका: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिले में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट यानी डीएमएफटी के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की गई. बैठक में उपायुक्त ने विभागवार संचालित योजनाओं की जानकारी लेते हुए प्रत्येक योजना की वर्तमान प्रगति, कार्य पूर्णता की स्थिति एवं लंबित कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं में तेजी लाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया.

पेयजल योजनाएं जल्द होंगी पूरी
जिले के विभिन्न क्षेत्रों एवं विद्यालयों में पेयजल उपलब्ध कराने से संबंधित योजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जलमीनार अधिष्ठापन एवं चापाकल निर्माण सहित अन्य पेयजल योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर संबंधित संस्थानों को हैंडओवर करने का निर्देश दिया.
उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक को डीएमएफटी अंतर्गत 61 सरकारी विद्यालयों में बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य को लक्ष्य के अनुरूप निर्धारित समय में पूर्ण कराने का निर्देश दिया. साथ ही 13 विद्यालयों में अतिरिक्त वर्ग कक्ष निर्माण एवं जिले के 23 विद्यालयों में शौचालय निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूर्ण कराने को कहा.

स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बूस्ट
स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सिविल सर्जन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट, गोपीकांदर एवं शिकारीपाड़ा के लिए एक-एक बीएलएस एम्बुलेंस की आपूर्ति की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि इससे संबंधित क्षेत्रों में मरीजों को बेहतर एवं समय पर आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
काम में देरी पर संवेदकों पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने डीएमएफटी अंतर्गत जिले में संचालित सभी योजनाओं, जिसमें पीसीसी पथ निर्माण सहित अन्य विकास कार्य शामिल हैं, को निर्धारित समय सीमा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने का निर्देश दिया.
उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा. निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने वाले संबंधित संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए